Samachar Nama
×

महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट, मुंबई समेत छह जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी

महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट, मुंबई समेत छह जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी
महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट, मुंबई समेत छह जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी

मुंबई, 3 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने शुक्रवार को राज्य में लगातार हो रही भारी से अत्यधिक भारी बारिश को देखते हुए हाई अलर्ट जारी किया है। 4 से 6 जुलाई के बीच मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावापश्चिम महाराष्ट्र के सातारा, पुणे और नासिक के घाट क्षेत्रों में भी इस दौरान मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के कारण स्थानीय यातायात प्रभावित हो सकता है। निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है और कुछ स्थानों पर छोटे स्तर पर संरचनात्मक नुकसान भी हो सकता है।

मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन एहतियाती कदम उठा रहा है। पालघर जिले में स्थानीय प्रशासन ने शुक्रवार से अगले दो दिनों के लिए सभी स्कूलों, कॉलेजों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। लोगों से केवल जरूरी काम होने पर ही घर से निकलने की अपील की गई है।

वहीं कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) क्षेत्र में क्षेत्रीय मौसम विभाग द्वारा ठाणे जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट को बढ़ाकर रेड अलर्ट किए जाने के बाद प्रशासन ने शैक्षणिक संस्थानों में कक्षाएं स्थगित करने का फैसला किया है।

छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 4 जुलाई शनिवार को राज्य बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई और सीआईई सहित सभी बोर्डों के प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्कूलों तथा कॉलेजों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

लगातार हो रही बारिश का असर बुनियादी ढांचे पर भी दिखाई देने लगा है। नासिक के सप्तश्रृंगी गढ़ घाट क्षेत्र में भूस्खलन की घटना सामने आई, जहां बड़े पत्थर और मलबा सड़क पर आ गया। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

भूस्खलन के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन स्थानीय लोगों और आपदा प्रबंधन कर्मियों ने तुरंत मलबा हटाकर सड़क पर यातायात बहाल कर दिया।

राज्य प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने, जलभराव वाले इलाकों और घाट क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने को कहा है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी): 1916

पालघर जिला हेल्पलाइन: 02525-297474 / +91 82379 78873

ठाणे नगर निगम (टीएमसी): 022-25364779 / 022-25301740 / +91 93723 38827

ठाणे आपदा प्रबंधन कक्ष: 1800-222-108 / 8657887101

पनवेल नगर निगम: 022-27458040 / 41 / 42

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags