बेल्जियम में लगी भीषण आग से हाहाकार, 2,000 हेक्टेयर जमीन जलकर राख
ब्रसेल्स, 16 अगस्त (आईएएनएस)। बेल्जियम में आग लगने से हाहाकार मच गया है। आग इतनी भीषण है कि 2,000 हेक्टेयर जमीन जलकर राख हो गई है। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि शनिवार शाम तक बेल्जियम के पूर्वी इलाके 'हाई फेन्स' में लगी देश की अब तक की सबसे भीषण आग की वजह से लगभग 2,000 हेक्टेयर वनस्पति जलाकर राख हो गई है।
वालून पब्लिक सर्विस की ओर से पुष्टि की गई है कि जंगल की आग से जलने वाले सबसे बड़े इलाके का राष्ट्रीय रिकॉर्ड इस आग ने बनाया है। सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे आग लगने के बाद लगभग 30 घंटे तक आग बुझाने का काम जारी रहा।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, आस-पास के इलाकों से करीब 600 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। एहतियात के तौर पर वाइम्स नगरपालिका के सौरब्रॉड्ट इलाके के करीब 500 लोगों और बुटजेनबैक के करीब 100 लोगों को वहां से हटाया गया। सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के आदेश सौरब्रॉड्ट की 15 सड़कों और बुटजेनबैक की सात सड़कों के लिए लागू किए गए थे।
ईयू सिविल प्रोटेक्शन मैकेनिज्म के तहत अंतरराष्ट्रीय मदद जुटाई जा रही थी। आग पर काबू पाने के लिए डच सेना के दो हेलीकॉप्टर, चेक गणराज्य का एक फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर और स्वीडन के दो फायरफाइटिंग विमान तैनात किए गए।
स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि हवाओं की वजह से आग बुझाने में परेशानी हो रही थी और आग के बढ़ने का भी खतरा बढ़ गया था।
इससे पहले बेल्जियम ने आग बुझाने में अतिरिक्त मदद के लिए यूरोपीय संघ के सिविल प्रोटेक्शन मैकेनिज्म को सक्रिय करने का अनुरोध किया था। शनिवार को ईयू के बेड़े से एक हेलीकॉप्टर और दो फायरफाइटिंग विमान बेल्जियम के लिए रवाना हुए थे।
शनिवार दोपहर तक आग बेकाबू बनी हुई थी। बेल्जियम के अधिकारियों ने तीन हेलीकॉप्टर तैनात किए, जबकि सेना ने जमीन पर चल रहे ऑपरेशन को मजबूत करने के लिए तीन पैंथर फायरफाइटिंग वाहन भेजे थे। हाई फेन्स के दक्षिण में स्थित वाइम्स नगरपालिका के अधिकारियों ने सौरब्रॉड्ट के निवासियों से संभावित निकासी के लिए तैयार रहने को कहा, साथ ही यह भी बताया कि उन्हें फिलहाल अपने घर छोड़ने की जरूरत नहीं है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, वाइम्स और जलहे के मेयरों ने इस आग को बेल्जियम के इतिहास की सबसे भयानक आग बताया।
--आईएएनएस
एसडी/एएस

