आरबीआई ने सुमन रे को नया कार्यकारी निदेशक नियुक्त किया
नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने मंगलवार को सुमन रे को तत्काल प्रभाव से कार्यकारी निदेशक (ईडी) नियुक्त किया। कार्यकारी निदेशक के पद पर पदोन्नत होने से पहले रे महाराष्ट्र के क्षेत्रीय निदेशक के रूप में कार्यरत थे।
कार्यकारी निदेशक के रूप में रे जमा बीमा और ऋण गारंटी निगम विभाग और परिसर विभाग का कामकाज संभालेंगे।
केंद्रीय बैंक के एक बयान के अनुसार, रे को रिजर्व बैंक में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने मुद्रा प्रबंधन, वित्तीय समावेशन, भुगतान एवं निपटान प्रणाली, उपभोक्ता शिक्षा एवं संरक्षण और मानव संसाधन सहित कई क्षेत्रों में काम किया है।
रे पश्चिमी क्षेत्रीय स्थानीय बोर्ड के सचिव के रूप में भी कार्य कर चुके हैं।
पिछले महीने आरबीआई ने मोनिशा चक्रवर्ती को कार्यकारी निदेशक (ईडी) नियुक्त किया था। चक्रवर्ती विदेशी मुद्रा विभाग और वित्तीय बाजार विनियमन विभाग का कामकाज संभालेंगी।
कैरियर केंद्रीय बैंकर के रूप में चक्रवर्ती को आरबीआई में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने पर्यवेक्षण, विदेशी मुद्रा तथा सरकारी एवं बैंक खातों से जुड़े क्षेत्रों में काम किया है। वह आरबीआई की बैलेंस शीट और लाभ-हानि खाते के प्रारूप की समीक्षा के लिए गठित एक तकनीकी समिति से भी जुड़ी थीं। चक्रवर्ती बैंकिंग लोकपाल के रूप में भी कार्य कर चुकी हैं।
कार्यकारी निदेशक के पद पर पदोन्नति से पहले वह पर्यवेक्षण विभाग में प्रभारी मुख्य महाप्रबंधक के रूप में कार्यरत थीं।
चक्रवर्ती ने दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक और बिजनेस इकोनॉमिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की है।
जुलाई में आरबीआई ने रवि शंकर को अपना नया कार्यकारी निदेशक (ईडी) नियुक्त किया था। पदोन्नति से पहले शंकर आरबीआई के सांख्यिकी एवं सूचना प्रबंधन विभाग में प्रभारी सलाहकार के रूप में कार्यरत थे।
कार्यकारी निदेशक के रूप में अपनी नई भूमिका में भी वह इसी विभाग के कार्यभार देखेंगे।
कैरियर केंद्रीय बैंकर और सांख्यिकीविद् शंकर ने आरबीआई में तीन दशकों से अधिक समय तक काम किया है। अपने करियर के दौरान उन्होंने कॉरपोरेट और बैंकिंग सांख्यिकी, सरकारी प्रतिभूति बाजार, निपटान प्रणाली, ऋण प्रबंधन और सर्वेक्षण से जुड़े कार्यों सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम किया है।
--आईएएनएस
एबीएस/

