8 साल बाद टीवी पर करेंगी वापसी रश्मि देसाई, बोलीं- 'कमबैक नहीं, एक मकसद की तलाश थी'
मुंबई, 16 सितंबर (आईएएनएस)। 'उतरन' में तपस्या के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाली अभिनेत्री रश्मि देसाई एक लंबे ब्रेक के बाद फिर छोटे पर्दे पर लौटने के लिए तैयार हैं। वह करीब आठ साल से फिक्शन टीवी से दूर थीं। इस दौरान उन्हें कई शोज के ऑफर मिले, लेकिन वह हर कहानी के साथ जुड़ाव महसूस नहीं कर पाई और कई प्रोजेक्ट्स को मना कर दिया।
अब रश्मि को ऐसी कहानी और किरदार मिला है, जिसे लेकर वह काफी उत्साहित हैं। अभिनेत्री जल्द ही नए शो 'सयोनी' में माया का किरदार निभाती नजर आएंगी।
रश्मि ने कहा, ''इन सालों में मैं टीवी पर वापस आने के लिए किसी अच्छे प्रोजेक्ट का इंतजार कर रही थीं। मैं ऐसा काम करना चाहती थीं, जिसके पीछे कोई वजह और मकसद हो। एक कलाकार के लिए लगातार स्क्रीन पर दिखाई देना ही सबसे जरूरी चीज नहीं है। मेरे लिए कहानी और किरदार का मजबूत होना ज्यादा मायने रखता है। इसी वजह से मैंने कई ऑफर मिलने के बावजूद जल्दबाजी में किसी शो का हिस्सा बनने से परहेज किया।''
'सयोनी' में अपने किरदार माया के बारे में बात करते हुए रश्मि ने कहा, ''माया मेरे लिए सिर्फ एक काल्पनिक किरदार नहीं है। वह एक बहुत ही प्रैक्टिकल और जमीन से जुड़ा किरदार है। जब यह कहानी और किरदार मेरे सामने आए, तो मुझे इसमें वह जुड़ाव महसूस हुआ, जिसका मैं इतने समय से इंतजार कर रही थीं।''
रश्मि ने अपने टीवी कमबैक को लेकर कहा, 'मैं टीवी पर कमबैक नहीं, बल्कि एक मकसद तलाश रही थी। एक कलाकार के तौर पर हमें कई मौके मिलते हैं, लेकिन सिर्फ दिखाई देना, काम करना और पैसे कमाना जरूरी नहीं है। आपको कुछ ऐसा करना चाहिए, जिसके लिए लोग आपको याद रखें। मैं इसी वजह से जानी जाती हूं। 'सयोनी' में वह चमक है। मुझे लगता है कि इसकी कहानी कलाकारों से भी बड़ी है।''
बता दें कि रश्मि ने टीवी इंडस्ट्री में काफी लंबा सफर तय किया है। उन्होंने साल 2006 में हिंदी टेलीविजन पर 'रावण' से डेब्यू किया था। हालांकि, उन्हें असली पहचान 'उतरन' में तपस्या का किरदार निभाने के बाद मिली। इस शो ने रश्मि को टीवी के चर्चित चेहरों में शामिल कर दिया।
इसके बाद रश्मि ने फिक्शन के साथ-साथ कई रियलिटी शोज में भी हिस्सा लिया। वह 'परी हूं मैं', 'झलक दिखला जा 5', 'फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी 6', 'जरा नचके दिखा 2' और 'नच बलिए 7' जैसे शोज में नजर आईं। उन्होंने फिल्मों में भी काम किया और सलमान खान की फिल्म 'दबंग 2' में स्पेशल अपीयरेंस किया था।
रश्मि की पिछली छोटी पर्दे की मौजूदगी 'वागले की दुनिया- नई पीढ़ी नए किस्से' में देखने को मिली थी। यह शो मशहूर कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण के बनाए किरदारों, खासकर 'द कॉमन मैन' से प्रेरित था।
'सयोनी' का प्रीमियर 23 सितंबर को स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा।
--आईएएनएस
पीके/एएस

