Samachar Nama
×

'गेम ओवर' में दिखती है 'दृश्यम द कन्क्लूजन' की अनिश्चितता: रैपर कर्मा

'गेम ओवर' में दिखती है 'दृश्यम द कन्क्लूजन' की अनिश्चितता: रैपर कर्मा
'गेम ओवर' में दिखती है 'दृश्यम द कन्क्लूजन' की अनिश्चितता: रैपर कर्मा

मुंबई, 28 सितंबर (आईएएनएस)। आने वाली फिल्म ‘दृश्यम द कन्क्लूजन’ के गाने ‘गेम ओवर’ को तैयार करने वाले रैपर कर्मा ने कहा कि यह गाना फिल्म की कहानी में मौजूद अनिश्चितता को दिखाता है।

'गेम ओवर' में दमदार और बेबाक ऊर्जा देखने को मिलती है। यह एक ऐसे खेल का एहसास कराता है जो काफी आगे बढ़ चुका है, जहां हर कदम का नतीजा होता है और अब पीछे हटने की कोई जगह नहीं बची है।

यह गाना विजय सालगांवकर की दुनिया में बढ़ते दबाव, अनिश्चितता और अचानक आने वाले बदलावों को दिखाता है। इसके साथ ही 'दृश्यम' फ्रेंचाइजी के अंतिम अध्याय में आधुनिक रैप का अंदाज भी जोड़ा गया है।

गाने को कर्मा ने कंपोज किया है, इसके बोल लिखे हैं और इसे अपनी आवाज भी दी है। गाने को कर्मा और एके फॉर रीयल ने प्रोड्यूस किया है।

गाने के बारे में कर्मा ने कहा, '''गेम ओवर' की शुरुआत इसके टाइटल से ही हुई थी। मैं कुछ ऐसा बनाना चाहता था, जिसमें एटीट्यूड हो, लेकिन साथ ही वह फिल्म की दुनिया से भी जुड़ा हुआ लगे। 'दृश्यम द कन्क्लूजन' में काफी अनिश्चितता है और मैं चाहता था कि गाने में भी उसकी ऊर्जा नजर आए, लेकिन सब कुछ सीधे तौर पर न बताया जाए।''

उन्होंने आगे कहा, ''जब मैंने इसे लिखना शुरू किया, तब मेरे दिमाग में इसका साउंड बिल्कुल साफ था, इसलिए मैंने इसके बोल, कंपोजिशन और वोकल्स सब कुछ खुद किया। जब गाना तैयार हुआ तो इसमें ऐसा एहसास था जैसे चीजें अपनी आखिरी सीमा तक पहुंच गई हैं। मैं गाने में बिल्कुल यही भावना चाहता था।''

यह गाना विजय सालगांवकर की दुनिया को ज्यादा गंभीर, अंधेरा और टकराव से भरा रूप देता है। यह उनके आसपास बढ़ रहे दबाव और मुश्किल परिस्थितियों को दर्शाता है।

फिल्म के साउंडट्रैक में बदला और भावनाओं के बाद अब 'गेम ओवर' के जरिए टकराव का रंग भी जुड़ गया है। यह 'दृश्यम द कन्क्लूजन' की कहानी में एक और परत जोड़ता है, जो ज्यादा गंभीर और अनिश्चित है और जहां हालात किसी भी वक्त बिगड़ सकते हैं।

'गेम ओवर' गाना सभी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इसे सोनी म्यूजिक इंडिया के लेबल के तहत रिलीज किया गया है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story