Samachar Nama
×

राम गोपाल वर्मा का 'एआई ट्रुथ बॉम्ब', बोले-'एआई इस्तेमाल करने वाले छीन लेंगे दूसरों की नौकरियां'

राम गोपाल वर्मा का 'एआई ट्रुथ बॉम्ब', बोले-'एआई इस्तेमाल करने वाले छीन लेंगे दूसरों की नौकरियां'
राम गोपाल वर्मा का 'एआई ट्रुथ बॉम्ब', बोले-'एआई इस्तेमाल करने वाले छीन लेंगे दूसरों की नौकरियां'

मुंबई, 27 नवंबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल और नौकरियों पर इसके असर को लेकर एक लंबी पोस्ट शेयर की है। उन्होंने इसे 'द एआई ट्रुथ बॉम्ब' नाम दिया है।

राम गोपाल वर्मा का कहना है कि आने वाले समय में एआई का इस्तेमाल करने वाले लोग उन लोगों की जगह ले लेंगे, जो इसका इस्तेमाल नहीं करते। आज कई कंपनियों में कर्मचारी एआई की वजह से नौकरियां जाने का विरोध कर रहे हैं जबकि असल में वे खुद ही अपना काम एआई से करवाकर अपनी भूमिका कमजोर कर रहे हैं।

राम गोपाल वर्मा ने अपनी पोस्ट में लिखा, ''कंपनी के कर्मचारी जोर-शोर से विरोध कर रहे हैं कि एआई उनकी नौकरियां छीन रहा है जबकि सच्चाई यह है कि वे खुद ही अपनी जगह एआई को दे रहे हैं।''

उन्होंने आगे लिखा, ''पहले सॉफ्टवेयर इंजीनियर खुद कोड लिखते थे लेकिन अब वे अपनी रिक्वायरमेंट एआई टूल क्लॉड में डालते हैं और कुछ ही सेकंड में तैयार कोड हासिल कर लेते हैं। इसके बाद उसमें दो-चार बदलाव करके उसे अपना काम बताकर पेश कर देते हैं। इसी तरह मार्केटिंग से जुड़े कर्मचारी, जिन्हें नए कैंपेन के आइडिया देने के लिए पैसे मिलते हैं, अब अपना काम चैटजीपीटी से करवा रहे हैं। वे एआई से मिले तीन विकल्पों में से एक चुनते हैं और मीटिंग में उसे अपना आइडिया बताकर पेश कर देते हैं।''

उन्होंने लिखा, ''पहले एनालिस्ट का काम आंकड़ों का विश्लेषण करना और उनमें से जरूरी जानकारी निकालना होता था। अब वे पूरी स्प्रेडशीट एआई पर अपलोड करके उससे गड़बड़ियों का पता लगाने और रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहते हैं। इसके बाद तैयार रिपोर्ट को अपने नाम से आगे भेज देते हैं।''

निर्देशक ने कहा, ''पहले डिजाइनर घंटों लगाकर लेआउट तैयार करते थे लेकिन अब वे मिडजर्नी में अपनी जरूरत के हिसाब से डिजाइन का डिस्क्रिप्शन देते हैं। इसके बाद एआई से 20 ऑप्शन तैयार करवाते हैं और उनमें से सबसे अच्छा विकल्प चुनकर उसमें थोड़े बदलाव कर देते हैं ताकि किसी को पता न चले कि डिजाइन हाथ से नहीं बनाया गया है। इसी तरह कस्टमर सपोर्ट टीम के कर्मचारी भी अपने जवाब एआई से तैयार करवाते हैं, ताकि उनमें अपनापन नजर आए। इसके बाद वे बिना किसी बदलाव के जवाब भेज देते हैं।''

रामगोपाल वर्मा ने लिखा, ''कर्मचारी यह सब छिपकर करते हैं। वे किसी को बताए बिना, अलग बैठकर और यहां तक कि अपनी ब्राउजर हिस्ट्री तक साफ करके एआई का इस्तेमाल करते हैं। वे ऐसा दिखाते हैं जैसे काम अब भी उनके दिमाग और हाथों से ही हो रहा है। लगभग हर कोई ऐसा कर रहा है, लेकिन कोई खुलकर इसे स्वीकार नहीं करता।''

उन्होंने कहा, ''कंपनियों को कर्मचारियों की इस हरकत का पता लगाने के लिए जासूसों या कैमरों की जरूरत नहीं है। कंपनी सिर्फ काम के आंकड़ों पर नजर रखती है और वही सारी कहानी बयां कर देते हैं। आंकड़े बताते हैं कि कर्मचारी अब भी कंपनी से वेतन ले रहे हैं लेकिन असल काम एआई कर रहा है।''

निर्देशक ने कहा, ''एआई के इस्तेमाल से काम की रफ्तार बढ़ी है, काम की गुणवत्ता बेहतर हुई है, समय पर काम पूरा हो रहा है और कंपनियों का मुनाफा भी बढ़ रहा है। एआई दिन-रात काम कर सकता है। उसे कॉफी ब्रेक नहीं चाहिए, वह बीमार नहीं पड़ता, सहकर्मियों की शिकायत नहीं करता, वेतन बढ़ाने की मांग नहीं करता और बिना किसी भुगतान के काम करता है।''

राम गोपाल वर्मा ने आगे लिखा, ''जब कंपनियां कर्मचारियों की छंटनी करती हैं, तो उन्हें हैरानी होती है और वे कंपनी को अपनी नौकरी जाने का जिम्मेदार बताते हैं। एआई खुद किसी कंपनी में जाकर लोगों को नौकरी से नहीं निकालता, बल्कि कर्मचारी चुपचाप अपना काम एआई को सौंपकर खुद ही अपनी जगह कमजोर कर रहे हैं और उस काम के लिए वेतन ले रहे हैं, जिसे अब वे खुद नहीं कर रहे।''

अपनी पोस्ट के आखिर में निर्देशक ने एआई के इस्तेमाल को छिपाने के बजाय खुलकर अपनाने की सलाह दी। उन्होंने लिखा, ''भविष्य उन लोगों का होगा, जो एआई का खुलकर और बिना किसी झिझक के इस्तेमाल करेंगे। आने वाले समय की एक कड़वी सच्चाई यह है कि एआई का इस्तेमाल करने वाले लोग उन लोगों की जगह ले लेंगे, जो इसका इस्तेमाल नहीं करते।''

--आईएएनएस

पीके/पीएम

Share this story