Samachar Nama
×

एनडीए की पासिंग आउट परेड में पहुंचे राजनाथ सिंह, कैडेट्स से कहा-आप एक बड़े विरासत के उत्तराधिकारी

एनडीए की पासिंग आउट परेड में पहुंचे राजनाथ सिंह, कैडेट्स से कहा-आप एक बड़े विरासत के उत्तराधिकारी
एनडीए की पासिंग आउट परेड में पहुंचे राजनाथ सिंह, कैडेट्स से कहा-आप एक बड़े विरासत के उत्तराधिकारी

पुणे, 29 नवंबर (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को पुणे के खड़कवासला में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की 151वीं पासिंग आउट परेड (पीओपी) का निरीक्षण किया। वे इस परेड के रिव्यूइंग ऑफिसर के तौर पर पहुंचे थे।

151वीं पीओपी पुणे के खेतरपाल परेड ग्राउंड में हो रही है। कुल 364 कैडेट्स ने तीन साल की त्रि-सेवा ट्रेनिंग पूरी की है, जिनमें 14 महिला कैडेट्स और मित्र विदेशी देशों के 12 कैडेट्स भी शामिल हैं। अब ये सभी अपनी-अपनी सेवा अकादमियों में जाएंगे।

सभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा, "यह दिन आपकी जिंदगी के सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक है। आज से आप एक नई यात्रा पर निकलेंगे और आपकी जिंदगी को एक नई दिशा मिलेगी। यह भारतीय सशस्त्र बलों में शामिल होने के आपके दृढ़ संकल्प का परिणाम है।"

उन्होंने कहा, "भले ही मैं यहां रक्षा मंत्री के तौर पर हूं पर मैं आपसे आपके अभिभावक के तौर पर बात करना चाहूंगा। आप 19, 20 या 21 साल के बच्चे हैं, हालांकि आपने जो ट्रेनिंग ली है, उसने आपको बड़ा बना दिया है। आप जो वर्दी पहन रहे हैं, वह अपने आप में एक बड़ी जिम्मेदारी है।"

राजनाथ सिंह ने कहा, "आप सभी को याद रखना होगा कि आप एक बड़े विरासत के उत्तराधिकारी हैं। अनगिनत योद्धाओं की विरासत, जिनके बलिदान ने हमें आज एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में यहां खड़े होने में सक्षम बनाया है। जब हम अपने स्वतंत्रता संग्राम की बात करते हैं, तो हम अपने स्वतंत्रता सेनानियों को गर्व के साथ याद करते हैं। वे अपार साहस के उदाहरण हैं और आज भी हमें प्रेरित करते रहते हैं।"

उन्होंने मेजर सोमनाथ शर्मा, अब्दुल हमीद और कैप्टन विक्रम बत्रा को याद किया और उन्हें युवा पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बताया।

उन्होंने कहा, "आपको मिली वर्दी के पीछे सैनिकों और क्रांतिकारियों का बलिदान है। आपको याद रखना होगा कि आप किसके लिए काम कर रहे हैं और इसका क्या मतलब है। आपको उन लोगों की विरासत को याद रखना होगा जिन्होंने देश के लिए अपनी जान दी।"

इस मौके पर पास आउट होने वाले कोर्स के परिवार के सदस्य भी मौजूद थे, जिन्होंने ट्रेनिंग की पूरी यात्रा में उनका साथ दिया।

इससे पहले शनिवार को, रक्षा मंत्री ने पासिंग आउट परेड की पूर्व संध्या पर एनडीए के 151वें कोर्स के ग्रेजुएट होने वाले कैडेट्स और उनके परिवारों से बातचीत की थी।

कैडेट्स को उनकी कठिन ट्रेनिंग पूरी करने पर बधाई देते हुए, उन्होंने उन्हें देश का 'सुरक्षा कवच' बताया, जो 2047 तक विकसित भारत बनने की भारत की यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि कैडेट्स द्वारा दिखाया गया धैर्य और दृढ़ संकल्प भारत के भविष्य के सैन्य नेतृत्व की ताकत को दर्शाता है।

उन्होंने कहा, "सुरक्षित सीमाएं व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और उद्योग में प्रगति की नींव प्रदान करती हैं। सीमाओं पर तैनात सैनिक केवल क्षेत्रीय सीमाओं की रक्षा नहीं कर रहे हैं, वे स्कूलों, अस्पतालों और संस्थानों की भी रक्षा कर रहे हैं जो देश के विकास को गति देते हैं।"

राजनाथ सिंह ने माता-पिता से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहें क्योंकि युवा कैडेट्स अपने सैन्य करियर की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "आपकी समझ, मानसिक तैयारी और समर्थन युवा अधिकारियों को सैन्य जीवन की मांगों को समझने में मदद करने के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।"

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story