राजकुमार राव ने रीक्रिएट किया 'दीवार' का मशहूर सीन, अमिताभ बच्चन ने बजाईं तालियां
मुंबई, 24 सितंबर (आईएएनएस)। हाल ही में फिल्म 'टोस्टर' में नजर आए अभिनेता राजकुमार राव ने क्विज रियलिटी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के सेट पर अमिताभ बच्चन की फिल्म 'दीवार' के मशहूर सीन को रीक्रिएट कर दर्शकों को प्रभावित किया।
राजकुमार राव शो के नए एपिसोड में अभिनेत्री वामिका गब्बी के साथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 'दीवार' में अमिताभ बच्चन के मशहूर मंदिर वाले मोनोलॉग को दोबारा पेश किया।
अमिताभ बच्चन ने जैसे ही 'लाइट, साउंड, कैमरा, एक्शन' कहा, राजकुमार राव ने सीधे उनके सामने विजय के मशहूर डायलॉग को दमदार अंदाज में पेश किया।
राजकुमार ने कहा, "आज खुश तो बहुत होगे तुम... जो इंसान कभी तुम्हारी सीढ़ियां नहीं चढ़ा, जिसने कभी तुम्हारे सामने सिर नहीं झुकाया, जिसने कभी तुम्हारे सामने हाथ नहीं फैलाए, आज वो तुम्हारे सामने हाथ फैलाए खड़ा है। खुश तो बहुत होगे तुम।"
'दीवार' हिंदी सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक है और 1970 के दशक में ब्लॉकबस्टर रही थी। फिल्म में अमिताभ बच्चन ने विजय वर्मा की भूमिका निभाई थी, जो गरीबी, अपमान और अपने पिता के कामों के परिणामों के बीच बड़ा होता है। बड़ा होने के बाद वह अपराध की दुनिया में कदम रखता है और ताकतवर तथा अमीर बन जाता है।
राजकुमार राव का अभिनय खत्म होते ही अमिताभ बच्चन ने तालियां बजाईं। उनके साथ वामिका गब्बी और स्टूडियो में मौजूद दर्शकों ने भी राजकुमार की परफॉर्मेंस की जमकर सराहना की।
इससे पहले 2021 में भी राजकुमार राव ने 'कौन बनेगा करोड़पति' में इसी फिल्म के एक अन्य मशहूर सीन को रीक्रिएट किया था। उस समय वह अभिनेत्री कृति सेनन के साथ शो में पहुंचे थे।
तब राजकुमार राव ने अमिताभ बच्चन से कहा था, "आज मेरे पास बिल्डिंग है, प्रॉपर्टी है, बैंक बैलेंस है, बंगला है, गाड़ी है। तुम्हारे पास क्या है भाई?"
'कौन बनेगा करोड़पति' का प्रसारण सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर होता है।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी

