केरल में भारी बारिश होने की संभावना, आईएमडी ने सात जिलों के लिए जारी किया रेड अलर्ट
तिरुवनंतपुरम, 7 अगस्त (आईएएनएस)। केरल में शुक्रवार सुबह से जोरदार बारिश जारी है। इसी बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सात जिलों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी करते हुए तेज हवाओं व समुद्र में खराब हालात को लेकर आगाह किया है।
आईएमडी ने कोट्टायम, अलाप्पुझा, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, कन्नूर और कासरगोड के लिए तीन घंटे का रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और 50 किमी प्रति घंटा तक की तेज़ हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
पत्तनमथिट्टा, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां अगले तीन घंटों में कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश और 50 किमी प्रति घंटा तक की तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।
बाकी जिलों के लिए मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश और 40 किमी प्रति घंटा की रफ़्तार से हवाएं चलने का अनुमान लगाया है। यह ताजा चेतावनी तब आई है जब आईएमडी ने पहले ही शुक्रवार को पूरे राज्य में व्यापक बारिश का अनुमान लगाया था।
पथानामथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है, जबकि बाकी सभी जिलों में येलो अलर्ट लागू है।
मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह दौर शनिवार तक जारी रहने की संभावना है और रविवार से मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की उम्मीद है।
आईएमडी ने 'कल्लाक्कडल' (समुद्र में उठने वाली ऊंची लहरों) की घटना को लेकर भी चेतावनी जारी की है और कहा है कि दिन के समय केरल के तट पर ऊंची लहरें उठ सकती हैं।
मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे समुद्र के खतरनाक इलाकों में न जाएं, जबकि तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
राज्य में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सक्रिय रहने और पिछले कुछ दिनों से कई जिलों में लगातार बारिश होने के कारण अधिकारी स्थिति पर कड़ी नजर रख रहे हैं।
आपदा प्रबंधन एजेंसियों और जिला प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है क्योंकि दिन भर भारी बारिश, तेज हवाएं और कुछ इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बने रहने की आशंका है।
--आईएएनएस
ओपी/एएस

