Samachar Nama
×

बंगाल में अगले तीन दिन बारिश और गरज के आसार, कोलकाता समेत कई जिलों में येलो अलर्ट

बंगाल में अगले तीन दिन बारिश और गरज के आसार, कोलकाता समेत कई जिलों में येलो अलर्ट
बंगाल में अगले तीन दिन बारिश और गरज के आसार, कोलकाता समेत कई जिलों में येलो अलर्ट

कोलकाता, 8 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज के साथ तूफान आने की संभावना है। हालांकि, रविवार को काली पूजा के दिन बारिश का कोई अनुमान नहीं है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) ने अपने पूर्वानुमान में यह जानकारी दी है।

मौसम विभाग ने सोमवार से लगातार तीन दिनों तक बारिश का अलर्ट जारी किया है। भाई दूज के दिन भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से कोलकाता में तीन दिनों तक छिटपुट बारिश हो सकती है। हावड़ा, हुगली, उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद और नदिया जिलों में गरज के साथ एक-दो दौर की बारिश होने की संभावना है। दक्षिण बंगाल के अन्य जिलों में मंगलवार और बुधवार को बारिश हो सकती है। हालांकि, राज्य में कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर और पश्चिम मेदिनीपुर जिलों में बारिश को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इन जिलों में गरज के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार से पूरे दक्षिण बंगाल में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

इस बीच, उत्तर बंगाल के जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। सोमवार से उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर और मालदा में गरज के साथ बारिश हो सकती है, जबकि मंगलवार और बुधवार को उत्तर बंगाल के बाकी जिलों में भी हल्की बारिश होने का अनुमान है।

दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कालिम्पोंग जिलों में मंगलवार को आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, बारिश हल्की रहने की संभावना है और किसी बड़े नुकसान की आशंका नहीं जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में उत्तर और दक्षिण बंगाल के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

रविवार सुबह कोलकाता का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य था। वहीं, शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम था।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags