Samachar Nama
×

आंध्र प्रदेश सरकार के लिए एआई-आधारित लीगल प्लेटफॉर्म बनाएगा रेलटेल, मिला 27 करोड़ रुपए का ऑर्डर

आंध्र प्रदेश सरकार के लिए एआई-आधारित लीगल प्लेटफॉर्म बनाएगा रेलटेल, मिला 27 करोड़ रुपए का ऑर्डर
आंध्र प्रदेश सरकार के लिए एआई-आधारित लीगल प्लेटफॉर्म बनाएगा रेलटेल, मिला 27 करोड़ रुपए का ऑर्डर

नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। सरकारी दूरसंचार और आईटी सेवा कंपनी रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया को आंध्र प्रदेश सरकार के लिए एक अत्याधुनिक एआई-संचालित कानूनी सहायता प्लेटफॉर्म विकसित करने का लगभग 27.03 करोड़ रुपए का ऑर्डर मिला है।

कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसे आंध्र प्रदेश टेक्नोलॉजी सर्विसेज से इस परियोजना के लिए लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (एलओए) प्राप्त हुआ है। परियोजना के तहत राज्यव्यापी कानूनी एआई सहायता प्लेटफॉर्म का डिजाइन, विकास, कार्यान्वयन, होस्टिंग और प्रबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

रेलटेल के अनुसार, परियोजना का कुल मूल्य कर सहित 27.02 करोड़ रुपए है। यह प्लेटफॉर्म गूगल क्लाउड प्लेटफॉर्म पर विकसित किया जाएगा और इसका उद्देश्य आंध्र प्रदेश सरकार की डिजिटल कानूनी सेवाओं और कानूनी सहायता ढांचे को मजबूत बनाना है।

कंपनी ने बताया कि यह परियोजना एंड-टू-एंड मॉडल पर आधारित होगी, जिसमें प्लेटफॉर्म की परिकल्पना, तकनीकी विकास, होस्टिंग और दीर्घकालिक संचालन सेवाएं शामिल होंगी। परियोजना को 9 मई 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

रेलटेल ने स्पष्ट किया कि यह एक घरेलू अनुबंध है और इसका आदेश 21 नवंबर 2026 को प्राप्त हुआ। कंपनी ने यह भी कहा कि इस सौदे में प्रमोटर या प्रमोटर समूह का किसी प्रकार का हित शामिल नहीं है और यह संबंधित पक्ष लेनदेन की श्रेणी में नहीं आता।

यह नया अनुबंध रेलटेल के सरकारी डिजिटल परिवर्तन परियोजनाओं के बढ़ते पोर्टफोलियो को और मजबूत करेगा। कंपनी पहले से ही क्लाउड सेवाओं, ई-गवर्नेंस, नेटवर्किंग समाधान और आईटी अवसंरचना विकास जैसे क्षेत्रों में कई सरकारी परियोजनाओं पर काम कर रही है।

एआई-आधारित कानूनी सहायता प्लेटफॉर्म सरकारी विभागों को कानूनी दस्तावेजों के प्रबंधन, मामलों की निगरानी, नीतिगत विश्लेषण और त्वरित कानूनी सहायता प्रदान करने में मदद कर सकता है। इससे प्रशासनिक दक्षता बढ़ने और डिजिटल गवर्नेंस को नई गति मिलने की संभावना है।

शेयर बाजार में कंपनी का प्रदर्शन देखें तो पिछले कारोबारी सत्र में रेलटेल कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया का शेयर 249.15 रुपए पर बंद हुआ था, जो 2.50 रुपए या 0.99 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है। वहीं, बीते 52 सप्ताह में कंपनी का शेयर 391 रुपए के उच्चतम स्तर और 220 रुपए के न्यूनतम स्तर को छू चुका है।

--आईएएनएस

डीबीपी

Share this story

Tags