पाकिस्तान और वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका पर राहुल गांधी की टिप्पणी गैर-जिम्मेदाराना: कर्नाटक भाजपा
बेंगलुरु, 21 नवंबर (आईएएनएस)। वरिष्ठ भाजपा नेता और विपक्ष के नेता आर. अशोक ने शनिवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे विदेशी धरती पर अपने बयानों के जरिए बार-बार भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की राजनयिक उपलब्धियों की आलोचना करना और अंतरराष्ट्रीय मामलों में पाकिस्तान की भूमिका की तारीफ करना, कांग्रेस का राजनीतिक एजेंडा बन गया है।
दरअसल, राहुल गांधी ने कार्यक्रम में अमेरिका-ईरान वार्ता में पाकिस्तान की मध्यस्थ की भूमिका का जिक्र किया और वैश्विक राजनीति में भारत को एक 'गौण खिलाड़ी' बताया है।
शिकागो में एक कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए अशोक ने इन टिप्पणियों को बेहद गैर-जिम्मेदाराना और विपक्ष के नेता के पद के अनुरूप न होने वाला करार दिया।
एक बयान में, अशोक ने कहा कि पड़ोसी पाकिस्तान की भूमिका का महिमामंडन करना और भारत की राजनयिक उपलब्धियों को कम करके आंकना, एक जिम्मेदार विपक्षी नेता के लिए उचित नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि क्या विदेशी धरती पर ऐसे बयान देना, जिनसे भारत की गरिमा, प्रतिष्ठा और वैश्विक स्थिति को नुकसान पहुंचे, राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी का राजनीतिक एजेंडा बन गया है?
उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई इकलौती घटना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने विदेशी मंचों पर भारत के लोकतंत्र, चुनाव प्रणाली, आर्थिक प्रगति और आंतरिक मामलों के बारे में बार-बार विवादास्पद टिप्पणियां की हैं, जिससे देश के बारे में संदेह पैदा करने की कोशिश की गई है।
अशोक ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के मामलों पर सवाल उठाना और ऐसे बयान देना जिनसे देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचे, यह राजनीतिक आलोचना की सीमाओं से परे है।"
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस, जो पिछले 12 वर्षों से सत्ता से बाहर है, जनता का भरोसा फिर से जीतने की कोशिश करने के बजाय, लोगों के बीच भ्रम पैदा करने और देश की उपलब्धियों को कमतर दिखाने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस के रवैये पर सवाल उठाते हुए, अशोक ने कहा कि एक रचनात्मक विपक्ष की लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है कि वह सरकार की कमियों पर सवाल उठाए। हालांकि, ऐसे बयान देना जिनसे वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति कमजोर हो, इसे जिम्मेदार राजनीति नहीं माना जा सकता।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियां बार-बार कांग्रेस की उस मानसिकता को उजागर करती हैं, जिसमें राष्ट्रीय हितों की तुलना में राजनीतिक हताशा और सत्ता में वापस आने की इच्छा को अधिक महत्व दिया जा रहा है।
अशोक ने कहा, "देश की जनता इस तरह की राजनीति पर बारीकी से नजर रख रही है और आने वाले दिनों में इन राष्ट्र-विरोधी हरकतों का करारा जवाब देगी।"
गौरतलब है कि 18 नवंबर, 2026 को शिकागो विश्वविद्यालय में बोलते हुए, कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारत की चुनावी प्रक्रिया और लोकतंत्र को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावों का बहिष्कार करने के बजाय उनमें हिस्सा लेना जारी रखेगा।
राहुल गांधी ने पिछले चुनावों (2014 के लोकसभा चुनावों सहित) में गड़बड़ियों और बिना स्पष्टीकरण वाले अंतर को लेकर लंबे समय से चले आ रहे संदेहों का जिक्र किया। उन्होंने मतदाता सूची में विसंगतियों और 'स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन' (एसआईआर) से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाए। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग ने सिस्टम के भीतर से विपक्ष के साथ कुछ जानकारी साझा की थी।
उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बात से "काफी हैरानी" हुई कि पाकिस्तान, ईरान और अमेरिका के साथ बातचीत कर रहा है, जबकि भारत इससे दूर है। उन्होंने तर्क दिया कि भारत को वैश्विक चर्चाओं में और अधिक सक्रिय रूप से शामिल होना चाहिए।
--आईएएनएस
एएसएच/पीएम

