Samachar Nama
×

गुजरात भाजपा अध्यक्ष ने राहुल पर साधा निशाना, बोले- वे ग्रामीण गरीबी को कभी नहीं समझ सकते हैं

जूनागढ़, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात भाजपा के अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने सोमवार को जूनागढ़ जिले में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए प्रचार-प्रसार किया।
गुजरात भाजपा अध्यक्ष ने राहुल पर साधा निशाना, बोले- वे ग्रामीण गरीबी को कभी नहीं समझ सकते हैं

जूनागढ़, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात भाजपा के अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने सोमवार को जूनागढ़ जिले में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के लिए प्रचार-प्रसार किया।

इस दौरान उन्‍होंने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी जड़ें इटली में हैं। वे ग्रामीण गरीबी को कभी नहीं समझ सकते हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि राहुल गांधी ग्रामीण गरीबी की पीड़ा या 'चूल्हों' (स्टोव) से निकलने वाले धुएं से प्रभावित माताओं की तकलीफ को कभी नहीं समझ सकते।

विश्वकर्मा ने 'विकास संकल्प सभा' ​​की बैठकों को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी, जिनकी जड़ें और ननिहाल इटली में हैं, वे गांव के जीवन की वास्तविकताओं से खुद को जोड़ नहीं सकते।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने 'सालों तक गुजरात को वंचित रखा' और 'गुजरात तथा उसके लोगों को बदनाम करने' की कोशिश की।

राज्य भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित बयानों का जिक्र किया और कहा कि गुजरात की जनता आने वाले चुनाव में अपने वोटों के जरिए इस अपमान का जवाब देगी। उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और गुजरात विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नर्मदा बांध परियोजना, जिसमें उनके अनुसार सालों की देरी हुई थी, प्रधानमंत्री मोदी के पदभार संभालने के 17 दिनों के भीतर ही मंजूर हो गई। इससे सरदार पटेल का सपना पूरा हुआ।

जगदीश विश्वकर्मा ने कहा, "अत्यधिक और बेमौसम बारिश के मुश्किल दौर में 10,000 करोड़ रुपए के राहत पैकेज की घोषणा की गई और 15,000 करोड़ रुपए की फसलें समर्थन मूल्यों पर खरीदी गईं। मंत्रियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ दिया, साथ ही किसान सम्मान निधि योजना के तहत सीधे लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) और उर्वरक सब्सिडी भी सुनिश्चित की।"

विश्वकर्मा ने कहा, "राज्यपाल (आचार्य देवव्रत) और मुख्यमंत्री (भूपेंद्र पटेल) के प्रयासों के कारण 10 लाख से अधिक किसानों ने प्राकृतिक खेती अपना ली है, और उनकी उपज को अमूल के माध्यम से वैश्विक बाजारों से जोड़ा जाएगा।"

उन्होंने कहा कि किसान सूर्योदय योजना के तहत 16,000 गांवों में कृषि के लिए दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने का काम चल रहा है।

विश्वकर्मा ने कहा कि एक समय था जब महिलाओं को अपने सिर पर पानी ढोना पड़ता था, लेकिन आज नल कनेक्शन जैसी योजना के जरिए पानी घरों तक पहुंच गया है। गुजरात रूफटॉप सोलर लगाने के मामले में 10 लाख से ज्‍यादा घरों के साथ पहले स्थान पर है, जिससे निवासियों के लिए बिजली का खर्च कम हो गया है।

राज्य भाजपा अध्यक्ष ने विपक्षी पार्टियों की चुनावी तैयारियों की भी आलोचना करते हुए कहा, "कांग्रेस और दूसरी पार्टियों के पास तो उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट भी नहीं है और वे गुजरात के लोगों को गुमराह नहीं कर पाएंगे।"

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे 26 अप्रैल को होने वाले जिला पंचायत, तालुका पंचायत और नगरपालिका चुनावों में भाजपा उम्मीदवारों की जबरदस्त जीत सुनिश्चित करें।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags