Samachar Nama
×

पुराने बंगले, मंदिर और ऐतिहासिक खंडहर... राहुल बोस ने बताया कैसे शुरू हुआ भारत घूमने का शौक

पुराने बंगले, मंदिर और ऐतिहासिक खंडहर... राहुल बोस ने बताया कैसे शुरू हुआ भारत घूमने का शौक
पुराने बंगले, मंदिर और ऐतिहासिक खंडहर... राहुल बोस ने बताया कैसे शुरू हुआ भारत घूमने का शौक

रायपुर, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेता राहुल बोस को बचपन से ही घूमने-फिरने का शौक रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में परिवार के साथ की गई ट्रिप ने उनके अंदर भारत की संस्कृति, वास्तुकला और ऐतिहासिक धरोहरों को करीब से जानने की दिलचस्पी पैदा की। अभिनेता ने हाल ही में छत्तीसगढ़ का दौरा किया, जहां उन्होंने अपने सफर के अनुभव साझा किए।

उन्होंने राज्य के पर्यटन स्थलों को देखने की इच्छा जताने के साथ ही यहां की प्रस्तावित फिल्म सिटी से स्थानीय कलाकारों और फिल्म इंडस्ट्री को मिलने वाले अवसरों पर भी बात की।

आईएएनएस के साथ बातचीत के दौरान राहुल ने अपने बचपन की ट्रिप्स को याद किया। उन्होंने बताया कि उस समय उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत अच्छी नहीं थी लेकिन इसके बावजूद गर्मियों की छुट्टियों में वे देश के अलग-अलग राज्यों में घूमने निकल जाया करते थे।

राहुल बोस ने बताया, ''जब हम बच्चे थे, तब हमारे परिवार के पास बहुत ज्यादा पैसे नहीं थे। इसलिए गर्मियों की छुट्टियों में हम बिस्किट जैसे हल्के भूरे रंग की एंबेसडर कार में घूमने निकल जाते थे। कभी कर्नाटक, कभी केरल, कभी गुजरात, तो कभी कश्मीर। हम बस घूमते ही रहते थे।''

अभिनेता ने बताया कि इन यात्राओं के दौरान पुराने बंगलों में ठहरना, सुबह-सुबह मंदिरों की वास्तुकला देखना और ऐतिहासिक खंडहरों को करीब से जानना उनके लिए बेहद खास अनुभव हुआ करता था। उन्होंने कहा, ''अपने देश से मिलने वाला प्यार कुछ ऐसा था कि आप शाम को किसी पुराने और अंधेरे बंगले में आराम करते थे और सुबह उठकर किसी मंदिर की वास्तुकला या ऐतिहासिक खंडहर देखते थे। देश के अलग-अलग हिस्सों में गाड़ी से घूमना अपने आप में बहुत सुखद अनुभव था। भारत के लिए मेरा प्यार वहीं से शुरू हुआ और कभी खत्म नहीं हुआ।''

छत्तीसगढ़ के दौरे को लेकर राहुल ने बताया कि उन्हें खिलाड़ियों से मिलना और देश में नई-नई जगहों को एक्सप्लोर करना पसंद है। रायपुर आकर उन्हें ये दोनों अनुभव एक साथ मिले। उन्होंने कहा, ''छत्तीसगढ़ आने के बाद अब मैं यहां की घूमने लायक जगहों के बारे में बात कर रहा हूं। मुझे दो चीजें बहुत पसंद हैं। पहली, खिलाड़ियों से मिलना और दूसरी, देश की नई-नई जगहों पर जाना। यहां रायपुर आकर मेरी ये दोनों इच्छाएं पूरी हुईं। मुझे खिलाड़ियों से मिलने का मौका भी मिला और इस जगह को देखने का भी।''

राहुल ने कहा, ''मैं यकीन के साथ कह सकता हूं कि छत्तीसगढ़ में यह मेरी पहली यात्रा है लेकिन आखिरी नहीं।''

--आईएएनएस

पीके/पीएम

Share this story