रेडिको खेतान की ग्लोबल ट्रैवल रिटेल में बड़ी छलांग, ब्रिटेन के 4 प्रमुख एयरपोर्ट्स की ड्यूटी-फ्री दुकानों तक पहुंचीं भारतीय लक्जरी व्हिस्की
नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। देश की प्रमुख शराब कंपनियों में शामिल रेडिको खेतान लिमिटेड ने अपने वैश्विक विस्तार अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कंपनी ने अपने भारतीय लक्जरी स्पिरिट्स पोर्टफोलियो को ब्रिटेन के चार प्रमुख एयरपोर्ट्स की ड्यूटी-फ्री दुकानों तक पहुंचा दिया है। इसके साथ ही रेडिको खेतान भारत की पहली स्पिरिट्स कंपनी बन गई है, जिसके ब्रांड इन चारों प्रमुख एयरपोर्ट्स पर उपलब्ध होंगे।
कंपनी के अनुसार, उसकी प्रीमियम पेशकशों रामपुर इंडियन सिंगल माल्ट डबल कास्क, रामपुर असावा, रामपुर बैरल ब्लश और संगम वर्ल्ड माल्ट को अब हीथ्रो, गैटविक, मैनचेस्टर और बर्मिंघम एयरपोर्ट के ड्यूटी-फ्री नेटवर्क में शामिल किया गया है। इसे कंपनी की ग्लोबल ट्रैवल रिटेल (जीटीआर) रणनीति के तहत एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
यह विस्तार ऐसे समय में हुआ है जब रेडिको खेतान का प्रीमियम और लक्जरी पोर्टफोलियो लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रहा है। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी के प्रेस्टीज एंड अबव (पीएंडए) पोर्टफोलियो का योगदान कुल आईएमएफएल मूल्य का 70.3 प्रतिशत रहा, जो प्रीमियम उत्पादों की बढ़ती मांग को दर्शाता है।
रेडिको खेतान के प्रबंध निदेशक अभिषेक खेतान ने कहा कि कंपनी की अंतरराष्ट्रीय रणनीति केवल अधिक एयरपोर्ट्स तक पहुंच बनाने भर की नहीं है, बल्कि भारतीय स्पिरिट्स को उन उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की है जो गुणवत्ता, विरासत और विशिष्ट पहचान को महत्व देते हैं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय लक्जरी स्पिरिट्स को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
उन्होंने कहा कि ग्लोबल ट्रैवल रिटेल कंपनी को दुनिया के विभिन्न हिस्सों से आने वाले यात्रियों तक पहुंचने और भारतीय स्पिरिट्स की विविधता, गुणवत्ता और बदलती पहचान को प्रदर्शित करने का अवसर देता है।
कंपनी के अनुसार, इन चारों एयरपोर्ट्स से वर्ष 2025 में कुल मिलाकर 17 करोड़ से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। हीथ्रो एयरपोर्ट पर लगभग 8.45 करोड़, गैटविक पर 4.28 करोड़, मैनचेस्टर पर 3.21 करोड़ और बर्मिंघम पर 1.37 करोड़ यात्रियों की आवाजाही दर्ज की गई। ऐसे में यह नेटवर्क भारतीय लक्जरी स्पिरिट्स की वैश्विक दृश्यता और उपलब्धता बढ़ाने का बड़ा अवसर प्रदान करता है।
रेडिको खेतान के अंतरराष्ट्रीय कारोबार के अध्यक्ष संजीव बांगा ने कहा कि स्कॉच व्हिस्की की जन्मभूमि माने जाने वाले ब्रिटेन में भारतीय व्हिस्की की उपस्थिति अपने आप में खास है। उन्होंने कहा कि कंपनी दुनिया से स्कॉच और भारतीय व्हिस्की के बीच किसी एक को चुनने की अपील नहीं कर रही, बल्कि यह सुनिश्चित कर रही है कि भारतीय व्हिस्की को भी वैश्विक मंच पर बराबरी की जगह मिले।
उन्होंने कहा कि अब विश्व के व्हिस्की प्रेमियों को यह महसूस कराने का समय है कि व्हिस्की की दुनिया में केवल एक पहचान नहीं, बल्कि कई अलग-अलग स्वाद और परंपराओं के लिए जगह है, जिनमें भारतीय पहचान भी शामिल है।
रेडिको खेतान का कहना है कि ब्रिटेन एयरपोर्ट नेटवर्क में शामिल किया गया पोर्टफोलियो भारतीय विरासत और वैश्विक स्तर की कारीगरी के संयोजन को दर्शाता है। रामपुर इंडियन सिंगल माल्ट का निर्माण 1943 में स्थापित रामपुर डिस्टिलरी में किया जाता है और इसमें हिमालय की तराई क्षेत्र की विशेष जलवायु का प्रभाव देखने को मिलता है। इसके विभिन्न संस्करण जैसे डबल कास्क, असावा और बैरल ब्लश भारतीय सिंगल माल्ट व्हिस्की की अलग-अलग विशेषताओं को प्रदर्शित करते हैं।
वहीं, संगम वर्ल्ड माल्ट कंपनी के प्रीमियम व्हिस्की पोर्टफोलियो को और मजबूत बनाती है और अंतरराष्ट्रीय उपभोक्ताओं के लिए भारतीय लक्जरी स्पिरिट्स की विविधता को बढ़ाती है।
कंपनी के अनुसार, यह विस्तार उसकी दीर्घकालिक वैश्विक विकास रणनीति का हिस्सा है। रेडिको खेतान फिलहाल दुनियाभर में 65 से अधिक ड्यूटी-फ्री लोकेशनों पर मौजूद है और इसे बढ़ाकर 100 से अधिक स्थानों तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
कंपनी का वैश्विक विस्तार मजबूत वित्तीय प्रदर्शन से भी समर्थित है। वित्त वर्ष 2025-26 में उसका शुद्ध राजस्व लगभग 6,050 करोड़ रुपए रहा, जबकि आईएमएफएल वॉल्यूम 22 प्रतिशत बढ़कर 3.83 करोड़ केस तक पहुंच गया।
वहीं वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी ने अब तक का सबसे ऊंचा तिमाही वॉल्यूम, राजस्व और ईबीआईटीडीए दर्ज किया। इस दौरान राजस्व लगभग 1,684 करोड़ रुपए, ईबीआईटीडीए 348 करोड़ रुपए और ईबीआईटीडीए मार्जिन 20.7 प्रतिशत रहा। साथ ही प्रेस्टीज एंड अबव पोर्टफोलियो में 36 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
--आईएएनएस
डीबीपी

