Samachar Nama
×

'क्वाड' भारत के लिए भरोसेमंद और रचनात्मक साझेदारी: प्रधानमंत्री मोदी

'क्वाड' भारत के लिए भरोसेमंद और रचनात्मक साझेदारी: प्रधानमंत्री मोदी
'क्वाड' भारत के लिए भरोसेमंद और रचनात्मक साझेदारी: प्रधानमंत्री मोदी

मनीला, 17 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि 'क्वाड' भारत के लिए एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि मनीला में ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज, जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी बैठक क्वाड सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य तय करने में मदद करेगी।

बैठक के दौरान अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो, भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 'क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन' को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले साल जनवरी से अब तक क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की पांच बैठकें हो चुकी हैं। यह चारों देशों की राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझेदारी के प्रति उनकी मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मनीला और क्वाड का एक पुराना और खास रिश्ता रहा है। साल 2007 में चारों देशों के अधिकारी पहली बार यहीं मिले थे। इसके 10 साल बाद 2017 में भी इसी शहर में हमने फिर से अपना संवाद शुरू किया था। आज इसी ऐतिहासिक शहर में एक बार फिर क्वाड बैठक होना एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। पिछले साल जनवरी से अब तक हमारे विदेश मंत्री पांच बार मिल चुके हैं। यह हमारी राजनीतिक इच्छाशक्ति और साझेदारी के प्रति साझा प्रतिबद्धता का प्रमाण है।"

उन्होंने आगे कहा, "भारत के लिए क्वाड एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी है। समुद्री सुरक्षा से लेकर विश्वसनीय सप्लाई चेन, नई तकनीकों से लेकर आपदा राहत तक, हमारा प्रयास रहा है कि क्वाड भरोसेमंद समाधान उपलब्ध कराए। मुझे पूरा विश्वास है कि आज की हमारी बैठक सहयोग के अगले चरण के लिए ठोस लक्ष्य तय करने में मदद करेगी।"

'क्वाड' चार देशों भारत, ऑस्ट्रेलिया, जापान और अमेरिका का एक समूह है। इसका उद्देश्य वैश्विक भलाई के लिए मिलकर काम करना और एक खुले, स्वतंत्र, समावेशी, समृद्ध और मजबूत इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को बढ़ावा देना है। 'क्वाड' की शुरुआत 2004 में हिंद महासागर क्षेत्र में आई सुनामी के बाद हुई थी। उस समय भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया ने मिलकर प्रभावित देशों तक राहत और सहायता पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय किया था। इसके बाद यह सहयोग धीरे-धीरे एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारी के रूप में विकसित हुआ।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags