Samachar Nama
×

पंजाब पुलिस ने बीकेआई मॉड्यूल का किया भंडाफोड़, दो आरोपी हैंड ग्रेनेड समेत गिरफ्तार

चंडीगढ़, 19 मई (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने बाबर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए विदेश में बैठे संचालकों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को दी।
पंजाब पुलिस ने बीकेआई मॉड्यूल का किया भंडाफोड़, दो आरोपी हैंड ग्रेनेड समेत गिरफ्तार

चंडीगढ़, 19 मई (आईएएनएस)। पंजाब पुलिस ने बाबर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए विदेश में बैठे संचालकों के दो सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने मंगलवार को दी।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के अजनाला स्थित बाजीगर मोहल्ला निवासी अजय और फत्तेवाल कलां निवासी जोधबीर सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस टीम ने हैंड ग्रेनेड के अलावा आरोपियों की मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बरामद किए गए ग्रेनेड एक बड़ी साजिश का हिस्सा थे। इनका इस्तेमाल राज्य में शांति और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने के लिए सरकारी संस्थानों और ढांचे को निशाना बनाने की योजना में किया जाना था।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीमों को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि विदेश में बैठे संचालकों ने अपने सहयोगियों को हैंड ग्रेनेड उपलब्ध कराए हैं और उन्हें अमृतसर के लोहारका रोड इलाके में एक अन्य सहयोगी के साथ संपर्क करने के निर्देश दिए गए थे।

इस सूचना पर तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नाकाबंदी की और अजय तथा जोधबीर सिंह को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए।

डीजीपी ने कहा कि मामले में आगे जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

एक दिन पहले ही पंजाब पुलिस ने नकली नोटों के गिरोह का भी भंडाफोड़ किया था। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 5.50 लाख रुपए की नकली भारतीय मुद्रा बरामद की गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नजर खान, राज मोहम्मद, मुख्तियार सिंह और आसिफ अली के रूप में हुई थी।

डीजीपी यादव ने बताया कि बरामद सभी नकली नोट 500 रुपए के थे।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी राज मोहम्मद का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags