पंजाब कांग्रेस के नेता अमरिंदर सिंह वडिंग ने राहुल गांधी से मुलाकात कर सौंपा इस्तीफा
नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस के नेता अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की और पार्टी की राज्य इकाई के नेतृत्व को लेकर चल रही गतिविधियों के बीच उन्हें पंजाब अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया।
लोकसभा में विपक्ष के नेता से मुलाकात के बाद वडिंग ने मीडिया से कहा, "राहुल गांधी ने मुझे बहुत प्यार दिया। उन्होंने पंजाब के हालात, सरकार के कामकाज और हमें क्या करना चाहिए, इस बारे में जानकारी ली। मैंने उनके साथ राज्य अध्यक्ष के तौर पर अपने साढ़े चार साल के अनुभव साझा किए कि हमें उन चुनौतियों का सामना कैसे करना है और हमारी ताकत क्या है। उनके साथ इस बारे में पूरी चर्चा हुई।”
मुलाकात से पहले वडिंग ने कहा, "मैं बॉस से मिलने जा रहा हूं। मैंने हमेशा राहुल-जी से वही कहा है जो मेरे दिल में है।” कांग्रेस नेतृत्व ने अभी तक उनके उत्तराधिकारी के नाम का औपचारिक ऐलान नहीं किया है। यह मुलाक़ात ऐसे समय में हुई है, जब वडिंग ने अपने सोशल मीडिया बायो को बदलकर “पूर्व पीपीसीसी अध्यक्ष” कर दिया था, जिससे पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़ने का संकेत मिला था।
अपने इस्तीफे और राज्य में पार्टी के नए प्रमुख की नियुक्ति को लेकर चल रही अटकलों के बीच वडिंग गुरुवार शाम दिल्ली गए थे। दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए वडिंग ने कहा था कि अब वे अध्यक्ष नहीं हैं और उम्मीद जताई कि जो भी उनकी जगह लेगा, वह पार्टी के लिए सक्रिय रूप से काम करेगा।
पंजाब कांग्रेस के अंदर लंबे समय से चल रहे गुटीय मतभेदों को देखते हुए राहुल गांधी के साथ उनकी मुलाकात अहम मानी जा रही है।
कांग्रेस आलाकमान 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले आंतरिक मतभेदों को दूर करने और संगठन को मजबूत करने के लिए राज्य के नेताओं के साथ बातचीत कर रहा है।
लुधियाना के सांसद वडिंग ने लगभग चार साल तक पंजाब कांग्रेस का नेतृत्व किया है। आगामी चुनावी मुकाबले की तैयारी कर रही पार्टी के लिए राज्य नेतृत्व से उनका हटना एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक घटनाक्रम है।
--आईएएनएस
ओपी/पीएम

