पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष ने राष्ट्रपति से मुलाकात पर मुख्यमंत्री मान को घेरा, 'आप' की विश्वसनीयता पर उठाए सवाल
चंडीगढ़, 5 मई (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने मंगलवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला किया और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से उनकी मुलाकात के मकसद पर सवाल उठाए। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर राजनीतिक पाखंड और अपने सिद्धांतों से धोखा देने का आरोप भी लगाया।
मुख्यमंत्री की हाल की राष्ट्रपति से मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए वारिंग ने कहा कि इससे पंजाब की जमीनी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आएगा। सिर्फ मुख्यमंत्री के राष्ट्रपति से मिलने से कुछ नहीं बदलने वाला। यह उनके अपने फैसलों और आप सरकार की नाकामियों को छिपाने की कोशिश है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ पार्टी एक तरफ ध्यान भटकाने की राजनीति कर रही है और दूसरी तरफ अपने विरोधियों पर आरोप लगा रही है। एक तरफ वे दूसरों को गद्दार कह रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ खुद भी वही काम कर रहे हैं।
वारिंग ने तरनतारन और जालंधर जैसे इलाकों के नेताओं का उदाहरण देते हुए कहा कि वे बाद में आप में शामिल हो गए। क्या बीजेपी और आप ने ही यह ट्रेंड शुरू नहीं किया? दूसरी पार्टियों के नेताओं को लाकर टिकट दिए गए, जो साफ-सुथरी राजनीति के उनके दावों के खिलाफ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों को फायदा पहुंचा रही है, जबकि आम लोगों की अनदेखी कर रही है। आप ने चार उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का फैसला किया और अमीरों को और अमीर बना दिया। पूरे पंजाब में लोग इन फैसलों पर सवाल उठा रहे हैं। पार्टी ने अपने पुराने कार्यकर्ताओं और वॉलंटियर्स को नजरअंदाज कर दिया है।
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा पर निशाना साधते हुए वारिंग ने कहा कि उनके कदमों से राजनीतिक विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं। कम से कम यह सोचिए कि आप ने आपके लिए क्या किया है। एक युवा नेता, जो पहले ज्यादा जाना नहीं जाता था, उसे पार्टी ने बड़ी पहचान दी। सरकारी गाड़ियां, आवास और सुरक्षा जैसी सुविधाएं दी गईं।
चड्ढा पर सख्त टिप्पणी करते हुए वारिंग ने कहा कि हाल के राजनीतिक फैसलों का असर लंबे समय तक रहेगा। आप चाहे कितने बड़े नेता बन जाएं, आपकी अंतरात्मा आपको आपके फैसलों की याद दिलाएगी। इन फैसलों ने खासकर युवाओं के बीच आपकी विश्वसनीयता पर हमेशा के लिए सवाल खड़े कर दिए हैं।
--आईएएनएस
एएमटी/एबीएम

