Samachar Nama
×

पृथ्वीराज सुकुमारन की 'खलीफा' से सामने आया शम्मी थिलकन का लुक, राघवन के किरदार में दिखेंगे एक्टर

पृथ्वीराज सुकुमारन की 'खलीफा' से सामने आया शम्मी थिलकन का लुक, राघवन के किरदार में दिखेंगे एक्टर
पृथ्वीराज सुकुमारन की 'खलीफा' से सामने आया शम्मी थिलकन का लुक, राघवन के किरदार में दिखेंगे एक्टर

चेन्नई, 10 अगस्त (आईएएनएस)। साउथ के मशहूर एक्टर पृथ्वीराज सुकुमारन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'खलीफा' को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म को लेकर फैंस के बीच काफी समय से उत्सुकता बनी हुई है। डायरेक्टर वैसाख के निर्देशन में बन रही यह फिल्म एक बदले की कहानी है, जिसमें भरपूर एक्शन देखने को मिलेगा। फिल्म में पृथ्वीराज मुख्य भूमिका में हैं और वह आमिर अली नाम का किरदार निभा रहे हैं।

अब मेकर्स ने फिल्म से एक और अहम कलाकार का लुक जारी किया है। दिग्गज अभिनेता शम्मी थिलकन फिल्म में राघवन के रोल में नजर आएंगे।

शम्मी थिलकन के फर्स्ट लुक का खुलासा खुद पृथ्वीराज ने सोशल मीडिया के जरिए किया। उन्होंने फिल्म का नया कैरेक्टर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ''शम्मी थिलकन राघवन के किरदार में नजर आएंगे। यह फिल्म से जारी किया गया चौथा कैरेक्टर पोस्टर है। 'खलीफा' 20 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।''

मेकर्स फिल्म के किरदारों की जानकारी धीरे-धीरे दर्शकों के सामने ला रहे हैं। शम्मी थिलकन से पहले अभिनेत्री मोहिनी के किरदार का नाम नूरजहां बताया गया था। वहीं कायरा वासुदेवन फिल्म में वैष्णवी का रोल कर रही हैं। मास्टर नफश भी फिल्म का हिस्सा हैं और वह रुशिन नाम का किरदार निभा रहे हैं।

फिल्म में इन किरदारों की क्या भूमिका होगी, इसे लेकर मेकर्स ने अभी पूरी जानकारी नहीं दी है। हालांकि अब तक सामने आए पोस्टर और फिल्म की झलक को देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि कहानी में हर किरदार की अपनी अहम जगह होगी।

बता दें कि 'खलीफा' की शूटिंग इसी साल जून में पूरी हो गई थी। फिल्म के कुछ सीन्स दुबई में शूट किए गए। इसके लिए फिल्म की टीम इस साल की शुरुआत में दुबई पहुंची थी।

फिल्म का टीजर रिलीज किया जा रहा है, जिसमें कहानी एक न्यूज बुलेटिन से शुरू होती दिखाई गई थी। इसमें बताया गया कि पुलिस और कस्टम अधिकारियों ने मिडिल ईस्ट से चल रहे करोड़ों डॉलर के सोने की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पता लगाया है। इस नेटवर्क का संबंध लंदन, नेपाल और केरल से है। इसके बाद एक बुजुर्ग व्यक्ति से कस्टम अधिकारी पनिकर पूछताछ करता है। पनिकर उसे आमिर के बारे में बताते हुए डराने की कोशिश करता है और कहता है कि आमिर अब खत्म हो चुका है और भारत में कदम रखते ही उसे गिरफ्तार किया जा सकता है। इसी दौरान वह कोफेपोसा कानून का भी जिक्र करता है।

लेकिन पूछताछ के दौरान बुजुर्ग व्यक्ति ही पनिकर से सवाल कर बैठता है कि क्या उसे पता है कि कोफेपोसा कानून की शुरुआत कैसे हुई थी। इसके बाद वह पुराने समय के कुछ बड़े नामों का जिक्र करता है और बताता है कि उत्तर भारत में सुकुर नरेन बखिया और हाजी मस्तान, जबकि दक्षिण भारत में मुदलियार और मम्बारायक्कल अहमद अली जैसे नाम चर्चा में थे।

वह आगे बताता है कि आमिर अली उसी अहमद अली का पोता है। इसके बाद वह अधिकारी को आमिर को पकड़ने की चुनौती देता है और कहता है कि अगर वह आमिर को पकड़ लेता है, तभी उसे असली 'फायरवर्क्स' देखने को मिलेंगे।

'खलीफा' फिल्म 20 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

--आईएएनएस

पीके/एएस

Share this story