अभिनेत्री आफिया सैयद ने 'प्रेम कीटाणु' से बॉलीवुड में किया डेब्यू, अब तेलुगु में जलवे बिखरने के लिए हुई तैयार
मुंबई, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री आफिया सैयद ने हाल ही में 'प्रेम कीटाणु' से बॉलीवुड में डेब्यू किया है। इस रोमांटिक एंटरटेनर फिल्म में सुहानी का किरदार निभाने के बाद आफिया एक और चुनौती के लिए तैयार हैं। वह जल्द ही 'एलियास रुक्मिणी' से तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने जा रही हैं, जिसमें वह निथिन के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी।
टॉलीवुड में कदम रखने को लेकर अपनी खुशी जाहिर करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि 'एलियास रुक्मिणी' के साथ तेलुगु में डेब्यू करना किसी सपने जैसा लग रहा है। मुरली सर एक बेहतरीन विजनरी हैं, और वह तथा 'युनानिमस प्रोडक्शंस' की टीम सच में कुछ बहुत खास बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।
'एलियास रुक्मिणी' को 'नेचुरल स्टार' नानी अपने प्रोडक्शन हाउस 'युनानिमस प्रोडक्शंस' के तहत प्रोड्यूस करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि निथिन के साथ काम करना और नानी सर का प्रोड्यूसर होना, सच में बहुत बड़े सम्मान की बात है। हम इस फिल्म को पूरे दिल से बना रहे हैं और 4 दिसंबर को इसे दुनिया के सामने लाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
नानी और दीप्ति गंटा द्वारा प्रोड्यूस की गई और मुरलीकांत देवसोथ द्वारा निर्देशित यह तेलुगु ड्रामा फिल्म 4 दिसंबर, 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज हो सकती है।
हाल ही में एक्ट्रेस रवीना टंडन ने 'प्रेम कीटाणु' के साथ इंडस्ट्री में कदम रखने पर आफिया सैयद की तारीफ की और खुद को 'सबसे गर्व करने वाली मौसी' बताया।
आफिया के समर्पण और दृढ़ संकल्प की तारीफ करते हुए रवीना ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा कि बधाई हो आफिया, ढेर सारा प्यार, आशीर्वाद और तुम्हारी दिल की हर इच्छा पूरी हो। मैंने तुम्हें अपने लक्ष्य के लिए पूरी लगन से मेहनत करते देखा है। रास्ते में रुकावटें आईं, लेकिन तुमने कभी अपना फोकस नहीं खोया। अकेले, मजबूती से डटी रहीं।
उन्होंने कहा कि जीत की मंजिल तक पहुंचने के उस एक मौके के लिए हर मुश्किल का सामना किया। आज तुम्हें स्क्रीन पर पूरे जलवे के साथ देखकर मुझे सबसे ज्यादा गर्व हो रहा है। ढेर सारा प्यार बेटा और ईश्वर तुम पर अपनी कृपा बनाए रखें। हमारे ढेर सारे प्यार के साथ, फिल्मों की दुनिया में तुम्हारा स्वागत है, तुम यहां छा जाने के लिए आई हो।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीकेपी

