अफगानिस्तान में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में बरामदगी, 80 गिरफ्तार
काबुल, 3 मई (आईएएनएस)। अफगानिस्तान के दक्षिणी हेलमंद प्रांत में चल रही कार्रवाई के दौरान काउंटर-नार्कोटिक्स बलों ने भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और ड्रग बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान जब्त किया है। यह जानकारी सरकारी बख्तर न्यूज एजेंसी ने रविवार को दी।
सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने करीब 8,170 किलो हेरोइन के साथ-साथ ड्रग्स बनाने और प्रोसेस करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी बरामद की। यह कार्रवाई ड्रग तस्करी पर रोक लगाने और इस धंधे से जुड़े गिरोहों को खत्म करने के लगातार प्रयासों का हिस्सा है।
इसी तरह, पश्चिमी अफगानिस्तान के निमरोज प्रांत में शनिवार को सुरक्षा बलों ने 55 किलो मेथामफेटामिन भी जब्त की।
अधिकारियों ने कहा कि वे देश में अवैध ड्रग्स के फैलाव को रोकने और इनके खिलाफ कार्रवाई को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।
गृह मंत्रालय ने 26 अप्रैल को बताया कि अलग-अलग प्रांतों में की गई संयुक्त कार्रवाई के दौरान ड्रग तस्करी के आरोप में 80 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मंत्रालय के अनुसार, काउंटर-नार्कोटिक्स पुलिस ने कई इलाकों में छापेमारी की, जिसमें हशीश, नशीली गोलियां और हेरोइन बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान बड़ी मात्रा में जब्त किया गया।
बयान में कहा गया कि ये गिरफ्तारियां देशभर में चल रहे उस अभियान का हिस्सा हैं, जिसका मकसद ड्रग तस्करी पर रोक लगाना और इनके नेटवर्क को तोड़ना है।
15 अप्रैल को, खोस्त प्रांत में काउंटर-नार्कोटिक्स के प्रांतीय निदेशक कारी वहीदुल्लाह मतावकिल ने बताया कि पुलिस ने 100 किलो से ज्यादा अलग-अलग तरह के नशीले पदार्थों को सार्वजनिक रूप से जला दिया।
अधिकारी ने चेतावनी दी कि प्रांत में किसी को भी ड्रग्स बनाने या तस्करी करने की इजाजत नहीं है, और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अफगान सरकार ने हाल के महीनों में ड्रग्स के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने सैकड़ों एकड़ में फैली अफीम की खेती को नष्ट किया है और कई टन नशीले पदार्थों को भी नष्ट किया है।
--आईएएनएस
एवाई/डीकेपी

