Samachar Nama
×

ताशकंद में योग सत्र में शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी, प्रतिभागियों से भी की मुलाकात

ताशकंद में योग सत्र में शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी, प्रतिभागियों से भी की मुलाकात
ताशकंद में योग सत्र में शामिल हुए प्रधानमंत्री मोदी, प्रतिभागियों से भी की मुलाकात

ताशकंद, 30 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ताशकंद में योग फेडरेशन ऑफ उज्बेकिस्तान की ओर से आयोजित एक योग सत्र में हिस्सा लिया। योग सत्र के दौरान उन्होंने वहां मौजूद प्रतिभागियों से बातचीत भी की।

प्रधानमंत्री मोदी शनिवार को दो दिवसीय दौरे पर उज्बेकिस्तान पहुंचे। उन्होंने ताशकंद हवाई अड्डे पर मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव का धन्यवाद किया।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने 'यांगी उज्बेकिस्तान स्मारक' का दौरा किया और कहा कि यह उज्बेक लोगों की आकांक्षाओं और प्रगति को दर्शाता है।

उन्होंने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर लिखा, "ताशकंद पहुंचने के बाद मैं राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ 'यांगी उज्बेकिस्तान स्मारक' पर श्रद्धांजलि अर्पित करने गया। यह स्मारक उज्बेक लोगों की आकांक्षाओं और प्रगति का प्रतीक है। अपनी यात्रा की शुरुआत यहां से करके खुशी हुई।"

यांगी उज्बेकिस्तान पार्क में प्रधानमंत्री मोदी के साथ राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने वहां उज्बेक संस्कृति और इतिहास को दर्शाने वाली कलाकृतियों का अवलोकन किया। ताशकंद में भारतीय समुदाय के बड़ी संख्या में लोगों ने भी प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारतीय प्रवासी समुदाय भारत और उज्बेकिस्तान के बीच एक जीवंत सेतु की तरह हैं।

उन्होंने शनिवार को 'एक्‍स' पर लिखा, "ताशकंद में भारतीय समुदाय के प्यार और स्नेह से अभिभूत हूं। हमारा प्रवासी समुदाय भारत और उज्बेकिस्तान के बीच एक जीवंत सेतु है, जो दोनों देशों की दोस्ती को और मजबूत बना रहा है।"

प्रधानमंत्री मोदी ने स्वागत समारोह के दौरान प्रस्तुत भारतीय और उज्बेक संस्कृति के मिश्रण वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाता है।

उन्होंने 'एक्‍स' पर तबला प्रस्तुति की एक झलक साझा करते हुए लिखा, "भारतीय और उज्बेक संगीत परंपराओं का मनमोहक संगम! तबला, डोइरा और चांग के साथ बेहद खूबसूरती से मेल खाता है, जो भारत और उज्बेकिस्तान के गहरे सांस्कृतिक संबंधों को दिखाता है।"

भारतीय समुदाय की कुछ महिलाओं ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के दौरान उन्हें राखी भी बांधी।

--आईएएनएस

एवाई/एएस

Share this story

Tags