हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह की द्विपक्षीय वार्ता
नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भारत दौरे के दूसरे और अंतिम दिन सोमवार को नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने पीएम नरेंद्र मोदी से हैदराबाद हाउस में मुलाकात की। द्विपक्षीय वार्ता में दोनों देशों का आपसी सहयोग, कनेक्टिविटी, व्यापार बढ़ाने पर जोर है।
पीएम मोदी और शाह भारत-नेपाल संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और आपसी हित के क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे।
इसके अलावा, दोनों नेता नई दिल्ली से 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
द्विपक्षीय बातचीत के बाद, दोनों नेता संयुक्त रूप से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। उसी दिन, प्रधानमंत्री मोदी नेपाली प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में एक आधिकारिक भोज (लंच) का आयोजन भी करेंगे।
इससे पहले सोमवार को, राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का औपचारिक स्वागत किया गया। राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी ने शाह का गर्मजोशी से स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर, दो दिवसीय राजकीय यात्रा के लिए शाह रविवार को नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया।
अपनी यात्रा के दौरान, शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।
नेपाली प्रधानमंत्री के साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल हैं, जो कुल 35 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।
इसके अलावा, व्यापार प्रतिनिधियों का एक अलग 52 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी इस यात्रा में अपने खर्च पर शामिल होगा।
माना जा रहा है कि द्विपक्षीय चर्चाओं में बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण में सहायता, ऊर्जा, व्यापार, कनेक्टिविटी और दोनों पड़ोसी देशों के बीच व्यापक सहयोग जैसे विषय शामिल होंगे।
दोनों पक्षों द्वारा "समृद्ध नेपाल, समुन्नत भारत" शीर्षक से एक 'संयुक्त विजन दस्तावेज' जारी किए जाने की भी उम्मीद है, जो सहयोग के लिए दीर्घकालिक द्विपक्षीय लक्ष्य और ठोस उद्देश्य तय करेगा।
इस यात्रा के दौरान, दोनों देशों द्वारा कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग से जुड़ी कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन करने और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखने की भी संभावना है।
नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, चर्चाओं का मुख्य केंद्र व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे क्षेत्रों में आर्थिक सहयोग को मजबूत करना होगा। दोनों पक्ष शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास के क्षेत्रों में सहयोग से जुड़े समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का भी आदान-प्रदान करेंगे।
--आईएएनएस
केआर/

