Samachar Nama
×

पीएम मोदी ने अरुणाचल और नगालैंड के सांसदों को दिया भरोसा, बाढ़ से निपटने में केंद्र देगा पूरा सहयोग

पीएम मोदी ने अरुणाचल और नगालैंड के सांसदों को दिया भरोसा, बाढ़ से निपटने में केंद्र देगा पूरा सहयोग
पीएम मोदी ने अरुणाचल और नगालैंड के सांसदों को दिया भरोसा, बाढ़ से निपटने में केंद्र देगा पूरा सहयोग

नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के पांच सांसदों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार भारी बारिश और बाढ़ से उत्पन्न चुनौतियों से निपटने के लिए सभी जरूरी सहायता देगी और संबंधित राज्य सरकारों के साथ मिलकर समन्वय से काम करती रहेगी।

दोनों पूर्वोत्तर राज्यों के सांसदों से मुलाकात के बाद पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा, “अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के सांसदों से मुलाकात हुई। हमने बाढ़ के कारण इन राज्यों में बनी स्थिति पर बात की। केंद्र सरकार संबंधित राज्य सरकारों के साथ मिलकर चुनौतियों से निपटने के लिए काम करती रहेगी। सभी के कुशल और सुरक्षित रहने की कामना करता हूं।”

केंद्रीय संसदीय कार्य और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू के नेतृत्व में पांच सांसदों ने संसद भवन, नई दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान दोनों राज्यों में बाढ़ की मौजूदा स्थिति पर चर्चा हुई।

बाद में किरेन रिजिजू ने एक्स पर लिखा, “अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के सांसदों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से संसद भवन में मुलाकात कर दोनों राज्यों की बाढ़ स्थिति से अवगत कराया। प्रधानमंत्री ने हर संभव मदद का भरोसा दिया और प्रभावित लोगों के लिए समय पर राहत, पुनर्स्थापन और सहायता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी निर्देश भी दे दिए हैं।”

प्रधानमंत्री से मिलने वाले सांसदों में तापिर गाओ (लोकसभा, अरुणाचल प्रदेश), ताई तागक (राज्यसभा, अरुणाचल प्रदेश), एस. सुपोंगमेरेन जमीर (लोकसभा, नगालैंड) और एस. फांगनोन कोन्याक (राज्यसभा, नगालैंड) शामिल थे।

कांग्रेस सांसद एस. सुपोंगमेरेन जमीर को छोड़कर बाकी सभी सदस्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से हैं।

अरुणाचल पूर्व लोकसभा सीट से सांसद तापिर गाओ ने एक्स पर लिखा: “ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दिल से आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड के सांसदों से मुलाकात कर बाढ़ की स्थिति को लेकर हमारी चिंताएं धैर्यपूर्वक सुनीं। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिया कि भारत सरकार प्रभावित लोगों को राहत और सहायता देने के लिए हर संभव मदद करेगी।”

पिछले महीने से ही नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित हैं। इनसे कई लोगों की जान गई है और संपत्ति, बुनियादी ढांचे, घरों और फसलों को नुकसान पहुंचा है।

भारतीय वायुसेना नगालैंड सरकार के साथ समन्वय कर राज्य के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर बचाव और राहत अभियान चला रही है। अब तक 300 से अधिक फंसे नागरिकों को सुरक्षित निकाला जा चुका है, जबकि क्षतिग्रस्त सड़क नेटवर्क के कारण कटे दूरदराज के जिलों में जरूरी राहत सामग्री हवाई मार्ग से पहुंचाई जा रही है।

केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मंत्री किरेन रिजिजू और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने हाल ही में अरुणाचल प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय और हवाई सर्वेक्षण किया था।

चौहान ने बाढ़ग्रस्त अरुणाचल प्रदेश के लिए व्यापक केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने नुकसान का विस्तृत आकलन कराने, घर बह जाने वाले परिवारों के लिए नए घर बनाने और फसल, कृषि भूमि व पशुधन के नुकसान के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया।

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने पहले ही कहा था कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को स्थिति से अवगत करा दिया गया है, और केंद्र सरकार हर संभव सहायता देगी।

उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र और राज्य के संयुक्त प्रयासों से जल्द सामान्य स्थिति बहाल होगी। साथ ही भविष्य में ऐसी प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए वैज्ञानिक और दीर्घकालिक समाधान पर भी काम किया जाएगा।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story