फोनपे ने लॉन्च की एफडी डिस्ट्रीब्यूशन सेवा, अब ऐप पर ही खुल सकेगी फिक्स्ड डिपॉजिट; 100 रुपए से शुरू होगी डेली आरडी
नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। डिजिटल पेमेंट और फिनटेक प्लेटफॉर्म फोनपे ने गुरुवार को अपने प्लेटफॉर्म पर फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) डिस्ट्रीब्यूशन सेवा शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत यूजर्स अब ऐप के जरिए प्रमुख बैंकों और एनबीएफसी (एनबीएफसी) की एफडी की तुलना कर सीधे निवेश कर सकेंगे।
कंपनी ने शिवालिक स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ साझेदारी में एक नया डिजिटल माइक्रो-सेविंग्स प्रोडक्ट डेली रिकरिंग डिपॉजिट (डेली आरडी) भी लॉन्च किया है। इस योजना के तहत ग्राहक सिर्फ 100 रुपये प्रतिदिन से बचत शुरू कर सकते हैं।
फोनपे ने कहा कि नई सुविधा के जरिए एफडी खोलने की पूरी प्रक्रिया अब पूरी तरह डिजिटल होगी। यूजर्स ऐप पर विभिन्न बैंकों और एनबीएफसी के एफडी विकल्पों की तुलना कर अपनी पसंद के अनुसार तुरंत निवेश कर सकेंगे। पार्टनर बैंकों में बुक की गई एफडी पर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के दिशा-निर्देशों के अनुसार डिपॉजिट इंश्योरेंस एंड क्रेडिट गारंटी कॉरपोरेशन के तहत 5 लाख रुपये तक का बीमा कवर भी मिलेगा।
कंपनी के अनुसार, यह सुविधा ग्राहकों को एक ही ऐप के जरिए अलग-अलग बैंकों में एफडी करने और उन्हें आसानी से मैनेज करने की सुविधा भी देगी।
वहीं, डेली आरडी को खास तौर पर छोटे निवेशकों, युवाओं, मिलेनियल्स, जेन-जी और बैंकिंग सेवाओं से कम जुड़े लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें 100 रुपये से लेकर 1,000 रुपये प्रतिदिन तक का निवेश किया जा सकता है। यह सुविधा यूपीआई ऑटोपे पर आधारित है, जिससे निवेश अपने-आप होता रहेगा।
कंपनी ने बताया कि इस योजना में निवेशकों को 7 दिन बाद ही जरूरत पड़ने पर राशि निकालने की सुविधा मिलेगी। साथ ही, यदि कोई निवेशक लगातार 15 दिनों तक निवेश नहीं करता, तब भी उस पर कोई पेनाल्टी नहीं लगेगी और वह कभी भी ऑटोपे मैंडेट बंद कर सकता है।
फोनपे में पेमेंट्स के वाइस प्रेसिडेंट और हेड दीप अग्रवाल ने कहा कि कंपनी का उद्देश्य हर भारतीय के लिए वित्तीय सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करना है। उनके मुताबिक, एफडी डिस्ट्रीब्यूशन और डेली आरडी की शुरुआत इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि फिक्स्ड डिपॉजिट भारतीय परिवारों की बचत का भरोसेमंद माध्यम रहा है और अब इसे पूरी तरह डिजिटल बनाकर देश के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
फोनपे ऐप पर ग्राहक होम स्क्रीन के "म्यूचल फंड्स एंड डिपॉजिट" सेक्शन में जाकर एफडी यार डेली आरडी विकल्प चुन सकते हैं। इसके बाद वे पार्टनर बैंक या एनबीएफसी का चयन कर 7 दिन से 10 साल तक की अवधि वाली एफडी बुक कर सकते हैं। निवेश के लिए पैन और आधार के जरिए डिजिटल सत्यापन, नॉमिनी जोड़ने और फोनपे यूपीआई या नेट बैंकिंग से भुगतान की सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं, डेली आरडी के लिए यूपीआई आरडी मैंडेट को अधिकृत करना होगा।
कंपनी के अनुसार, फोनपे ऐप के जरिए एफडी और डेली आरडी से निवेश की गई राशि को जरूरत पड़ने पर किसी भी समय निकाला भी जा सकेगा।
--आईएएनएस
डीएससी

