आंध्र के विकास के लिए मील का पत्थर बना साउथ कोस्ट रेलवे ज़ोन: पवन कल्याण
अमरावती, 5 मई (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने साउथ कोस्ट रेलवे ज़ोन के गठन को लेकर केंद्र सरकार की ओर से जारी राजपत्र अधिसूचना का स्वागत करते हुए इसे राज्य के विकास और कनेक्टिविटी के लिए एक परिवर्तनकारी कदम बताया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “न्यू ज़ोन, न्यू स्पीड, न्यू ग्रोथ! यह आंध्र प्रदेश के विकास और संपर्क व्यवस्था को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम है।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विणी वैष्णव के नेतृत्व में केंद्र सरकार का आभार भी जताया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के राजपत्र में साउथ कोस्ट रेलवे ज़ोन के गठन को आधिकारिक रूप से अधिसूचित किया गया है, जिसका मुख्यालय विशाखापत्तनम में होगा और यह 1 जून 2026 से प्रभावी होगा।
उन्होंने बताया कि इस नए ज़ोन में साउथ सेंट्रल रेलवे के गुंटकल, गुंटूर और विजयवाड़ा डिवीज़न के साथ पुनर्गठित वाल्टेयर डिवीज़न (अब विशाखापत्तनम डिवीज़न) को शामिल किया गया है, जिससे राज्य की रेलवे व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा, ईस्ट कोस्ट रेलवे के तहत एक नया रायगड़ा डिवीज़न बनाए जाने से परिचालन दक्षता भी बढ़ेगी।
पवन कल्याण ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे राज्य के लिए गर्व का क्षण बताया।
वहीं, तेलुगु देशम पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव ने भी इस अधिसूचना को उत्तर आंध्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह दशकों लंबे संघर्ष और क्षेत्र की जनता की आकांक्षाओं की पूर्ति है।
उन्होंने आरोप लगाया कि 2019 में ज़ोन की घोषणा के बावजूद 2019-2024 के दौरान पिछली सरकार की सुस्ती और भूमि अधिग्रहण में देरी के कारण परियोजना आगे नहीं बढ़ सकी। हालांकि 2024 में एनडीए सरकार बनने के बाद प्रक्रिया को तेज़ी से आगे बढ़ाया गया और लंबित बाधाओं को दूर किया गया।
राजपत्र अधिसूचना के अनुसार, साउथ कोस्ट रेलवे ज़ोन 1 जून से पूरी तरह संचालन में आ जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास, कनेक्टिविटी और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
--आईएएनएस
डीएससी

