अमेरिका-ईरान मध्यस्थता में पाकिस्तान की भूमिका पर उठे सवाल, कूटनीतिक साख को बड़ा झटका: रिपोर्ट
कोलंबो, 21 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान की अहमियत कम होती नजर आ रही है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने साफ कर दिया है कि वह इस्लामाबाद को बातचीत के लिए कोई जरूरी मध्यस्थ नहीं मानता। इससे साफ है कि संभावित मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान की भूमिका अब पहले जैसी महत्वपूर्ण नहीं रही है।
रिपोर्ट के अनुसार, दूसरी ओर अमेरिका भी कतर जैसे अन्य देशों के साथ अधिक सक्रिय कूटनीतिक संपर्क बना रहा है, जिससे इस प्रक्रिया में पाकिस्तान की अहमियत और कम हो गई है।
श्रीलंका के प्रमुख अखबार 'डेली मिरर' में प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कूटनीतिक असहजता का सामना कर रहा है। अमेरिका और ईरान के बीच शांति स्थापित करने में भूमिका निभाने के उसके दावे अब विश्वसनीय नहीं लग रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि खाड़ी क्षेत्र के संकट के बाद पाकिस्तान ने खुद को एक महत्वपूर्ण मध्यस्थ के रूप में पेश करने की कोशिश की थी, लेकिन अब यह कोशिश सफल होती नहीं दिख रही।
रिपोर्ट के अनुसार, ईरान ने न केवल पाकिस्तान की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल उठाए हैं, बल्कि उसे पड़ोसी अफगानिस्तान के साथ अपने विवाद को खत्म करने की सलाह भी दी है। इतना ही नहीं ईरान ने इस मुद्दे को सुलझाने में मदद की पेशकश भी की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह पाकिस्तान के लिए बड़ा झटका है, क्योंकि वह खुद को एक सफल मध्यस्थ के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहा था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि ईरानी राजनेताओं, विशेषज्ञों और सरकारी अधिकारियों की ओर से अफगानिस्तान-पाकिस्तान संबंधों को लेकर लगातार दिए गए बयानों ने पाकिस्तान की क्षमता और उसकी स्वयं बनाई गई मध्यस्थ की छवि पर सवाल खड़े किए हैं।
लेख में टिप्पणी की गई है कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता कराने का दावा करने वाले पाकिस्तान के लिए इससे अधिक असहज स्थिति क्या हो सकती है कि उसे अफगानिस्तान के साथ अपने विवाद को सुलझाने के लिए बाहरी मदद की पेशकश की जा रही हो।
रिपोर्ट में ईरानी सांसद मोहसेन जंगानेह के बयानों का भी उल्लेख किया गया है। उन्होंने पाकिस्तान और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के अमेरिका-ईरान के बीच मध्यस्थता करने के दावों का मजाक उड़ाया था। जंगानेह ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान अमेरिका के निर्देशों पर काम कर रहा है।
'डेली मिरर' के मुताबिक, उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, "उनका पोस्ट भी अमेरिकियों ने ही लिखा था।" उन्होंने दावा किया कि इस मुद्दे पर शहबाज शरीफ का पहला पोस्ट उन्हें अमेरिका के मध्य पूर्व मामलों के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ के माध्यम से पहले ही भेजा गया था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका-ईरान विवाद में कोई ठोस प्रगति नहीं करा पाने से पाकिस्तान की कूटनीतिक सीमाएं उजागर हुई हैं। लेख के अनुसार, किसी भी प्रभावी मध्यस्थ का आकलन इस बात से किया जाता है कि दोनों पक्ष उस पर कितना भरोसा करते हैं और वह कितना सफल समझौता करवा पाता है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिका-ईरान विवाद को छोड़ भी दिया जाए, तो पाकिस्तान अब तक अपने आंतरिक प्रांतीय संकटों और अफगानिस्तान के साथ चल रहे तनाव को पूरी तरह सुलझाने में सफल नहीं रहा है। रिपोर्ट ने कहा गया कि ईरान की ओर से की गई यह पेशकश पाकिस्तान की मध्यस्थता क्षमता को लेकर कई असहज सवाल खड़े करती है, लेकिन यह एक ऐसा सच है जिसका सामना इस्लामाबाद को करना होगा।
--आईएएनएस
एवाई/वीसी

