अमेरिकी सीनेटर ने कूटनीति में पाकिस्तान की भूमिका को 'समस्याग्रस्त' बताया
वॉशिंगटन, 27 मई (आईएएनएस)। पाकिस्तान द्वारा अब्राहम अकार्डस में शामिल होने पर विचार करने से इनकार किए जाने के बाद रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि ईरान से जुड़ी किसी भी कूटनीतिक प्रक्रिया में इस्लामाबाद की भूमिका “सिर्फ समस्याग्रस्त ही नहीं, उससे भी अधिक चिंताजनक” है।
ये टिप्पणियां उस समय आईं जब ख्वाजा आसिफ ने सार्वजनिक रूप से इस संभावना को खारिज कर दिया कि पाकिस्तान अब्राहम अकार्डस में शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा कदम देश की “मूल विचारधाराओं” के खिलाफ होगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिंडसे ग्राहम ने कहा, “काफी समय से मेरे लिए यह स्पष्ट है कि मध्यस्थ के रूप में पाकिस्तान की भूमिका बेहद समस्याग्रस्त है। इज़राइल के प्रति उसकी दुश्मनी बहुत पुरानी है।”
पारंपरिक रूप से पाकिस्तान के प्रति नरम रुख रखने वाले ग्राहम को ट्रंप का करीबी माना जाता है।
ग्राहम ने कहा, “यह निर्विवाद है कि ईरानी सैन्य विमान पाकिस्तानी एयरबेस पर रखे गए हैं और इज़राइल के खिलाफ पाकिस्तान के शीर्ष अधिकारियों की पिछली बयानबाज़ी चिंताजनक रही है।”
सीनेटर ने इज़राइल के साथ संबंध सामान्य करने का विरोध करने वाले आसिफ के पुराने बयान का भी जिक्र किया।
उन्होंने लिखा, “अब्राहम अकॉर्ड्स को लेकर रक्षा मंत्री की टिप्पणियों पर जिसमें उन्होंने कहा कि पाकिस्तान कभी इसमें शामिल नहीं होगा क्योंकि वे इज़राइल पर भरोसा नहीं करते- वीडियो भले एक साल पुराना हो लेकिन मुझे डर है कि भावना आज भी वही है।”
उन्होंने कहा, “इस संदर्भ में यह बेहद जरूरी है कि पाकिस्तान अब राष्ट्रपति ट्रंप की अब्राहम अकॉर्ड्स में शामिल होने की अपील पर स्पष्ट जवाब दे।”
ये टिप्पणियां उस समय आई हैं जब सोशल मीडिया और अमेरिकी मीडिया चर्चाओं में ऐसी रिपोर्टें सामने आईं कि मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने अपने सैन्य विमान पाकिस्तान के एयरबेस पर खड़े किए हैं।
इस महीने की शुरुआत में भी ग्राहम ने कांग्रेस की सुनवाई के दौरान पाकिस्तान की आलोचना की थी। उन्होंने कहा था, “मुझे पाकिस्तान पर उतना भी भरोसा नहीं है जितना मैं उसे फेंक सकता हूं। अगर वास्तव में ईरानी विमान पाकिस्तान के एयरबेस पर मौजूद हैं ताकि ईरान की सैन्य संपत्तियों की रक्षा हो सके, तो हमें शायद किसी और मध्यस्थ की तलाश करनी चाहिए। कोई आश्चर्य नहीं कि यह मामला आगे नहीं बढ़ रहा।”
पाकिस्तान ने ग्राहम के ताजा आरोपों पर अभी तक सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
पाकिस्तानी चैनल समा टीवी को दिए एक इंटरव्यू में आसिफ ने उन अटकलों को खारिज किया कि पाकिस्तान अब्राहम अकॉर्ड्स में शामिल हो सकता है, जिसके तहत इज़राइल और कई अरब देशों के बीच संबंध सामान्य हुए थे।
आसिफ ने कहा, “व्यक्तिगत रूप से मुझे नहीं लगता कि हमें ऐसे किसी समझौते में शामिल होना चाहिए जो हमारी मूल विचारधाराओं से टकराता हो।”
इजरायल के साथ बातचीत पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, “आप उन लोगों के साथ कैसे बैठ सकते हैं जिनकी बात पर एक दिन के लिए भी भरोसा नहीं किया जा सकता?”
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब ट्रंप ईरान से जुड़ी कूटनीतिक कोशिशों के हिस्से के रूप में अब्राहम अकॉर्ड्स में क्षेत्रीय भागीदारी बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
--आईएएनएस
पीएम

