पाकिस्तान: कराची में तीन वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या, घर के बाहर बोरे में मिला शव
इस्लामाबाद, 26 जून (आईएएनएस)। पाकिस्तान के कराची में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कराची के मलिर जिले के क़ायदेआबाद इलाके में तीन वर्षीय बच्ची के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। बाद में उसका शव उसके ही घर के बाहर एक बोरे में मिला।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 'के' नाम से पहचानी गई बच्ची अपने घर के बाहर खेलते समय लापता हो गई थी। बच्ची के पिता ने बताया कि परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाद में घर के नजदीक सड़क पर पड़े एक बोरे में बच्ची का शव मिला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस सर्जन डॉ. सुमैया ने पुष्टि की कि बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किया गया था। हालांकि, मौत के सटीक कारण का पता रासायनिक जांच (केमिकल एग्जामिनेशन) की रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। यह जानकारी पाकिस्तान के अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने दी।
सिंध के गृह मंत्री जियाउल हसन लांजार ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस को आधुनिक वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या उसके घर के आसपास ही की गई। जांच के दौरान पुलिस ने गली के कई घरों की तलाशी ली है और स्थानीय निवासियों का ब्योरा जुटाया है।
एक पुलिस अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि जिस स्थान पर बोरे में शव मिला, उससे आशंका है कि आरोपी इलाके से अच्छी तरह परिचित था।
अधिकारियों के मुताबिक, मामले में कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। जांच के तहत उनके रक्त के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि घटना की सच्चाई का पता लगाया जा सके।
इस बीच, मई में जारी पुलिस महिला एवं बाल संरक्षण प्रकोष्ठ के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच कराची में घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, यौन शोषण और इससे जुड़े अपराधों के 398 मामले दर्ज किए गए। इनमें 388 वयस्क और 10 नाबालिग पीड़ित शामिल थे।
रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में घरेलू हिंसा के 297 मामले सामने आए, जिनमें से 190 का निस्तारण किया गया, जबकि करीब 100 मामले अब भी लंबित हैं। वहीं, उत्पीड़न और धमकी से जुड़े 83 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 42 का निपटारा हो चुका है और 41 मामलों में जांच जारी है।
इसके अलावा, यौन उत्पीड़न और संबंधित अपराधों के 19 मामले दर्ज किए गए। इनमें नौ मामलों का निस्तारण हो चुका है, जबकि 10 मामलों में जांच और कानूनी कार्रवाई अभी जारी है।
--आईएएनएस
डीएससी

