एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग में हिस्सा लेने भारत आएंगे पाकिस्तान के जलवायु मंत्री
इस्लामाबाद, 14 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने इस महीने नई दिल्ली में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सिविलाइजेशनल डायलॉग में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक को नामित किया है।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि पाकिस्तान सरकार ने संघीय जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक को 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने के लिए नामित किया है।
कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए मंत्रालय ने कहा कि इस आयोजन में एससीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे और सभ्यताओं के बीच संवाद तथा सांस्कृतिक समझ से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार साझा करेंगे। पाकिस्तान सरकार सभ्यताओं के बीच संवाद को बढ़ावा देने और एससीओ के ढांचे के भीतर आपसी सम्मान की भावना के साथ लोगों के बीच संपर्क मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मलिक की यह यात्रा 2023 में गोवा में हुई एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री की पहली भारत यात्रा होगी। उस बैठक में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो शामिल हुए थे।
इससे पहले 28 अक्टूबर को भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि भारत ने एससीओ के सभी सदस्य देशों, संवाद साझेदारों और पर्यवेक्षक देश को सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के लिए आमंत्रित किया है। जब उनसे पूछा गया था कि क्या पाकिस्तान को भी निमंत्रण भेजा गया है, तो उन्होंने कहा था, “स्थापित प्रक्रिया के अनुसार हमने एससीओ के सभी सदस्य देशों को आमंत्रित किया है। इसके अलावा संवाद साझेदारों और एक पर्यवेक्षक को भी आमंत्रित किया गया है। यह फोरम 20 से 22 नवंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होगा।”
उम्मीद की जा रही है कि प्रधानमंत्री मोदी इस तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। नई दिल्ली का ऐतिहासिक पुराना किला, जो 16वीं शताब्दी का एक महत्वपूर्ण स्मारक है, इस आयोजन की मेजबानी करेगा। इसमें 25 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है।
इस पहल का प्रस्ताव प्रधानमंत्री मोदी ने 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित एससीओ नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान रखा था। बाद में इस प्रस्ताव को एससीओ देशों ने स्वीकार कर लिया था। यह आयोजन विभिन्न देशों के बीच सांस्कृतिक समझ, संवाद और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
--आईएएनएस
एवाई/एबीएम

