Samachar Nama
×

पद्म-श्री अभिनेत्री सौकार जानकी का शनिवार को बेसेंट नगर में होगा अंतिम संस्कार, चिरंजीवी ने दी श्रद्धांजलि

पद्म-श्री अभिनेत्री सौकार जानकी का शनिवार को बेसेंट नगर में होगा अंतिम संस्कार, चिरंजीवी ने दी श्रद्धांजलि
पद्म-श्री अभिनेत्री सौकार जानकी का शनिवार को बेसेंट नगर में होगा अंतिम संस्कार, चिरंजीवी ने दी श्रद्धांजलि

चेन्नई, 21 अगस्त (आईएएनएस)। पद्म-श्री पुरस्कार विजेता और दक्षिण भारत की मशहूर अभिनेत्रियों में से एक, सौकार जानकी का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर को किया जाएगा। उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण शुक्रवार दोपहर 2 बजे उनका निधन हो गया था।

एक्ट्रेस के पोते-दामाद अरविंद ने मीडिया को बताया कि दिग्गज स्टार के परिवार के सभी सदस्य उन्हें आखिरी श्रद्धांजलि देने के लिए चेन्नई में उनकी मां के घर पहुंच गए हैं और एक्ट्रेस का अंतिम संस्कार शनिवार को बेसेंट नगर श्मशान घाट में किया जाएगा।

उन्होंने कहा, "आम लोग शनिवार सुबह से श्रद्धांजलि दे सकते हैं और हमारी योजना देर दोपहर तक अंतिम संस्कार करने की है।"

सौकार जानकी, जिनका असली नाम शंकरमंची जानकी था, का जन्म 12 दिसंबर, 1931 को हुआ था। पद्म-श्री पुरस्कार विजेता ने कई बेहतरीन फिल्मों में शानदार अभिनय किया है। उन्होंने सात दशकों के दौरान तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा में 400 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।

दिवंगत एक्ट्रेस के परिवार में उनके तीन बच्चे, चार पोते-पोतियां और चार परपोते-परपोतियां हैं।

तेलुगु मेगा स्टार चिरंजीवी ने दिग्गज एक्ट्रेस के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए चिरंजीवी ने एक्स पर कहा कि मशहूर एक्ट्रेस और पद्म-श्री पुरस्कार विजेता के निधन की खबर से बहुत दुख हुआ है।

यह बताते हुए कि उनकी शानदार फिल्मी यात्रा, जो 'शावुकारू' फिल्म से शुरू हुई थी, तेलुगु, तमिल और कई अन्य भाषाओं में लगभग सात दशकों तक चली, चिरंजीवी ने कहा कि सौकार जानकी ने अपनी स्वाभाविक एक्टिंग से अलग-अलग किरदारों में जान डाल दी और दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई।

चिरंजीवी ने कहा, "वह एक महान एक्ट्रेस थीं, जिनका भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।" उन्होंने कहा कि वह ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि दिग्गज एक्ट्रेस की आत्मा को शांति मिले।

उन्होंने कहा, "मैं उनके परिवार के सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।"

--आईएएनएस

एससीएच/डीएससी

Share this story