Samachar Nama
×

श्रीलंका के दक्षिणी तट पर 500 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ जब्त किए गए

श्रीलंका के दक्षिणी तट पर 500 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ जब्त किए गए
श्रीलंका के दक्षिणी तट पर 500 किलोग्राम से अधिक नशीले पदार्थ जब्त किए गए

कोलंबो, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। श्रीलंकाई नौसेना और तटरक्षक बल ने शनिवार को देश के दक्षिणी तट पर एक संयुक्त अभियान के दौरान 561 किलोग्राम से अधिक मेथामफेटामाइन और हेरोइन जब्त की।

तटरक्षक बल (कोस्ट गार्ड) को मिली जानकारी के बाद माटारा के थालाला में नाओटुन्ना समुद्र तट पर यह अभियान चलाया गया।

समाचार एजेंसी 'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, तलाशी दलों को 21 बोरे और ट्रैवल बैग मिले, जिनमें संदिग्ध नशीले पदार्थ थे। इसके साथ ही एक छोटी नाव (डिंगी) भी बरामद हुई, जिसका इस्तेमाल संभवतः इन नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए किया गया था।

नौसेना ने बताया कि पुलिस नारकोटिक्स ब्यूरो की मदद से की गई जांच में 200 पैकेटों में 240 किलोग्राम से अधिक मेथामफेटामाइन और 275 पैकेटों में 320 किलोग्राम से अधिक हेरोइन होने की पुष्टि हुई है।

उप रक्षा मंत्री अरुणा जयसेकरा ने बताया कि पिछले एक साल में नौसेना और तटरक्षक बल के संयुक्त अभियानों के दौरान ऐसे नशीले पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत 97 अरब श्रीलंकाई रुपये (लगभग 292 मिलियन अमेरिकी डॉलर) है।

उन्होंने कहा कि देश में नशीले पदार्थों की घुसपैठ रोकने के लिए सशस्त्र बलों, पुलिस और स्थानीय तथा विदेशी खुफिया एजेंसियों के साथ मिलकर चलाए जा रहे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

पिछले हफ्ते कैबिनेट के प्रवक्ता और स्वास्थ्य मंत्री नालिंदा जयतिस्सा ने घोषणा की कि श्रीलंकाई अधिकारियों ने 'ए नेशन यूनाइटेड' (एकजुट राष्ट्र) नामक एक साल लंबे नशा-विरोधी अभियान के दौरान 303,017 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।

जयातिस्सा ने कैबिनेट की साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि ये गिरफ्तारियां 30 अक्टूबर 2025 (जब अभियान शुरू हुआ था) और 18 अक्टूबर 2026 के बीच की गईं।

उन्होंने बताया कि अधिकारियों ने हेरोइन के खिलाफ 97,074 छापे मारे और 2,485.1 किलोग्राम हेरोइन जब्त की। वहीं, क्रिस्टल मेथामफेटामाइन से जुड़े 18,710 छापों में 3,302.7 किलोग्राम नशीला पदार्थ जब्त किया गया।

इस अभियान के दौरान पुलिस ने 297.1 किलोग्राम कोकीन, 11,146 किलोग्राम गांजा, 1,723 किलोग्राम कुश, 416 किलोग्राम हशीश और 45 लाख नशीली गोलियां भी जब्त कीं।

जयातिस्सा ने बताया कि 449 संदिग्धों के खिलाफ अवैध संपत्ति की जांच शुरू की गई है, जबकि 3,749 संदिग्धों के खिलाफ हिरासत में लेने के आदेश प्राप्त किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि 2,580 लोगों को पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) के लिए भेजा गया है। 2026 में अब तक, अधिकारियों ने 1,469 किलोग्राम हेरोइन, 7,703 किलोग्राम गांजा, 272 किलोग्राम कोकीन, 857 किलोग्राम हशीश और 1,649 किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन जब्त किया है।

--आईएएनएस

ओपी/पीएम

Share this story

Tags