Samachar Nama
×

असेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए अब तक 4 करोड़ से अधिक आईटीआर दाखिल हुए: आयकर विभाग

असेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए अब तक 4 करोड़ से अधिक आईटीआर दाखिल हुए: आयकर विभाग
असेसमेंट ईयर 2026-27 के लिए अब तक 4 करोड़ से अधिक आईटीआर दाखिल हुए: आयकर विभाग

नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। आयकर विभाग ने सोमवार को ऐलान किया कि असेसमेंट ईयर (एवाई) 2026-27 के लिए अब तक 4 करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल किए जा चुके हैं।

आयकर विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि 4 करोड़ से ज्यादा आईटीआर दाखिल हो चुके हैं। साथ ही पात्र करदाताओं से अपील की कि वे अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए जल्द से जल्द आईटीआर-1 और आईटीआर-2 दाखिल करें।

आईटीआर फाइलिंग का यह आंकड़ा ऐसे समय पर आया है, जब एक सप्ताह से भी कम समय पहले आयकर विभाग ने जानकारी दी थी कि आईटीआर फाइलिंग का आंकड़ा 3 करोड़ के पार पहुंच गया है और एक ही दिन में 15 लाख से अधिक रिटर्न दाखिल किए गए थे।

इस महीने की शुरुआत में विभाग ने बताया था कि 1.7 करोड़ से अधिक करदाता अपना रिटर्न दाखिल कर चुके हैं, जिससे यह संकेत मिला कि आयकर रिटर्न जमा करने की आखिरी तारीख 31 जुलाई नजदीक आने के साथ आईटीआर दाखिल करने की रफ्तार लगातार तेज हो रही है।

आयकर विभाग ने करदाताओं से 31 जुलाई की अंतिम तिथि से पहले आईटीआर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

विभाग ने बार-बार करदाताओं से आग्रह किया है कि वे अंतिम कुछ दिनों तक इंतजार न करें। विभाग का कहना है कि समय रहते आईटीआर दाखिल करने से ई-फाइलिंग पोर्टल पर अत्यधिक ट्रैफिक से बचा जा सकता है और रिटर्न की प्रोसेसिंग भी अधिक सुचारु रूप से होती है।

आईटीआर-1 (सहज) उन निवासी व्यक्तियों के लिए है जिनकी कुल आय 50 लाख रुपये तक है और आय का स्रोत वेतन, एक मकान तथा अन्य स्रोत हैं। इसमें 5,000 रुपये तक की कृषि आय भी शामिल हो सकती है।

वहीं, आईटीआर-2 उन व्यक्तियों और हिंदू अविभाजित परिवारों (एचयूएफ) के लिए लागू होता है जिनकी आय व्यवसाय या पेशे से नहीं होती, लेकिन कैपिटल गेन जैसे स्रोतों से आय होती है।

--आईएएनएस

एबीएस

Share this story

Tags