Samachar Nama
×

राजारहाट विस्फोट मामले में एक और गिरफ्तारी, अब तक दो आरोपी गिरफ्तार; एनआईए कर रही जांच

राजारहाट विस्फोट मामले में एक और गिरफ्तारी, अब तक दो आरोपी गिरफ्तार; एनआईए कर रही जांच
राजारहाट विस्फोट मामले में एक और गिरफ्तारी, अब तक दो आरोपी गिरफ्तार; एनआईए कर रही जांच

कोलकाता, 19 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के बाहरी इलाके राजारहाट में शुक्रवार रात हुए घर में विस्फोट के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर ली है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। वहीं एक नाबालिग और मकान मालिक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) कर रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दूसरे आरोपी की पहचान शहंशाह के रूप में हुई है। वह एक ब्रोकर है, जिस पर मुख्य आरोपी मोहम्मद शमीम को फर्जी पहचान के जरिए किराए पर कमरा दिलाने का आरोप है। मुख्य आरोपी मोहम्मद शमीम को शनिवार को उत्तर 24 परगना जिले के सोदपुर से गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस ने बताया कि शहंशाह को कई घंटों की लंबी पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। वहीं एक नाबालिग और मकान मालिक जुल्फिकार अली को भी पूछताछ के लिए हिरासत में रखा गया है। इसके अलावा इस घटना में शामिल एक अन्य संदिग्ध की तलाश लगातार जारी है।

यह विस्फोट शुक्रवार देर रात राजारहाट के दक्षिण नारायणपुर स्थित सुपारी बागान इलाके में एक मकान में हुआ था। विस्फोट में एक व्यक्ति घायल हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बम निरोधक दस्ते ने मौके से दो और जिंदा बम बरामद किए, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं।

बाद में इस मामले की जांच एनआईए को सौंप दी गई। वहीं फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और विस्फोट के वास्तविक कारण तथा इसके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू की।

जांच में पुलिस को पता चला कि जिस मकान में विस्फोट हुआ, उसका मालिक जुल्फिकार अली है। पुलिस के अनुसार, कुछ दिन पहले मोहम्मद शमीम ने शहंशाह नाम के ब्रोकर के माध्यम से यह मकान किराए पर लिया था।

घटना के बाद शनिवार को राजारहाट-न्यू टाउन से भाजपा विधायक पीयूष कनोडिया भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

पीयूष कनोडिया ने कहा, "इस पूरे इलाके में लोगों के मन में डर का माहौल बनाया गया है। वर्षों तक यहां शासन करने वालों ने पूरे क्षेत्र को बर्बाद कर दिया। हम आतंकवाद नहीं, शिक्षा चाहते हैं। हम नहीं चाहते कि युवाओं के हाथों में बंदूकें और मशीनगन हों। हम चाहते हैं कि उनके हाथों में किताबें और कलम हों।"

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story