Samachar Nama
×

बारुईपुर मॉब लिंचिंग मामला: एक और आरोपी गिरफ्तार, कुल गिरफ्तारियों की संख्या 8 हुई

बारुईपुर मॉब लिंचिंग मामला: एक और आरोपी गिरफ्तार, कुल गिरफ्तारियों की संख्या 8 हुई
बारुईपुर मॉब लिंचिंग मामला: एक और आरोपी गिरफ्तार, कुल गिरफ्तारियों की संख्या 8 हुई

कोलकाता, 15 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 5 जुलाई को 12 वर्षीय बच्ची के कथित दुष्कर्म और हत्या के बाद हुई मॉब लिंचिंग के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक और आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान साकिम लश्कर के रूप में हुई है। उसे बुधवार को दक्षिण 24 परगना की जिला अदालत में पेश किया जाएगा, जहां सरकारी पक्ष उसकी पुलिस हिरासत की मांग करेगा।

बारुईपुर जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान मॉब लिंचिंग में सीधे तौर पर शामिल कुछ अन्य लोगों की भी पहचान की गई है। फिलहाल वे फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। अधिकारी ने कहा कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।

इससे पहले गिरफ्तार किए गए सात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत गैरकानूनी जमावड़ा, दंगा, सरकारी कर्मचारी के काम में बाधा डालना, जानबूझकर चोट पहुंचाना और भीड़ द्वारा हत्या (मॉब लिंचिंग) जैसे आरोप दर्ज किए गए हैं। बुधवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी पर भी यही धाराएं लगाई जाएंगी।

उल्लेखनीय है कि पुलिस जांच में 26 वर्षीय इंद्रजीत तांती को नाबालिग बच्ची के कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में निर्दोष घोषित किया जा चुका था। इसके बावजूद भीड़ ने उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।

पिछले सप्ताह विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी बारुईपुर पहुंचे थे और पीड़ित परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा चेक सौंपा था। उन्होंने मृतक के बड़े भाई को राज्य पुलिस में सिविक वॉलंटियर की नौकरी देने की भी घोषणा की थी। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया था कि हाल ही में संपन्न पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पराजित हुए कुछ लोग इस मॉब लिंचिंग की साजिश के पीछे थे।

बारुईपुर की घटना को लेकर पुलिस ने तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं और सभी की अलग-अलग जांच की जा रही है।

पहला मामला 12 वर्षीय बच्ची के कथित दुष्कर्म और हत्या से जुड़ा है। दूसरा मामला इंद्रजीत तांती की मॉब लिंचिंग का है, जबकि तीसरा मामला हिंसा, रेलवे ट्रैक और पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ तथा पुलिसकर्मियों पर हमले से संबंधित है। इस तीसरे मामले में अब तक 42 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

वहीं, बच्ची के कथित दुष्कर्म और हत्या के मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक आरोपी प्रवास मंडल पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश के दौरान पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। पुलिस के अनुसार उसने एस्कॉर्ट कर रहे एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनकर भागने का प्रयास किया था।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags