Samachar Nama
×

मालदा में ईद के दिन बाजार की छत गिरने से एक की मौत, दूसरा घायल

कोलकाता, 21 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बाजार की छत का एक हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
मालदा में ईद के दिन बाजार की छत गिरने से एक की मौत, दूसरा घायल

कोलकाता, 21 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां बाजार की छत का एक हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि घटना इंग्लिश बाजार के रथबाड़ी इलाके में स्थित नेताजी कमर्शियल मार्केट में हुई। मृतक की पहचान मिंटू सरकार के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मालदा शहर के रथबाड़ी इलाके में स्थित नेताजी कमर्शियल मार्केट में कई छोटी-बड़ी दुकानें हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाजार काफी पुराना होने के कारण इसकी छत जर्जर हालत में थी। शनिवार सुबह उसी छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया।

मिंटू सरकार और दीप सरदार मलबे के नीचे दब गए। मिंटू सरकार रात की शिफ्ट में बाजार की सुरक्षा का काम करते थे जबकि दीप सरकार नगर पालिका में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत थे।

बताया गया कि छत सीधे उनके ऊपर गिर गई। तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही इंग्लिश बाजार नगर पालिका के काउंसिलर शुभमोय बसु और स्थानीय विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार आशीष कुंडू भी मौके पर पहुंचे।

दोनों घायलों को मलबे से निकालकर स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मिंटू सरकार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

दीप सरदार का इलाज फिलहाल मालदा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में चल रहा है।

मालदा शहर के नेताजी कमर्शियल मार्केट के रखरखाव की जिम्मेदारी इंग्लिश बाजार नगर पालिका की है। हालांकि, रखरखाव और देखरेख की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

इस इलाके में कई पुराने और परित्यक्त भवन मौजूद हैं, फिर भी उनमें व्यावसायिक गतिविधियां जारी हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार रातभर हुई बारिश और आंधी-तूफान के कारण छत काफी कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ।

--आईएएनएस

पीएम

Share this story

Tags