ओमान में अंडा निर्यात रुकने से नमक्कल के पोल्ट्री उद्योग पर पड़ा असर, किसानों ने की विशेष दर्जे की मांग
नमक्कल, 22 नवंबर (आईएएनएस)। बर्ड फ्लू की आशंका के चलते ओमान द्वारा नमक्कल से अंडों के आयात पर प्रतिबंध लगाने से तमिलनाडु के इस पोल्ट्री हब में छह करोड़ अंडे फंस गए हैं। इसके चलते किसानों और व्यापारियों ने केंद्र और राज्य सरकार से इस क्षेत्र को 'विशेष अंडा निर्यात क्षेत्र' (स्पेशल एग एक्सपोर्ट जोन) घोषित करने की मांग की है।
नामक्कल से निर्यात होने वाले अंडों का लगभग आधा हिस्सा ओमान जाता है। भारत के कुल अंडा निर्यात में नमक्कल की हिस्सेदारी 90 प्रतिशत से अधिक है। इस रोक से तमिलनाडु के पोल्ट्री किसानों और निर्यातकों के साथ-साथ ओमान के उन आयातकों को भी नुकसान हुआ है, जो इस क्षेत्र से होने वाली आपूर्ति पर निर्भर हैं।
नमक्कल लाइवस्टॉक एंड एग्रीकल्चरल फार्मर्स एंड ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि इस पूरे इलाके के पोल्ट्री फार्म कड़े बायो-सिक्योरिटी नियमों का पालन करते हैं। उनका तर्क है कि जब कहीं और बर्ड फ्लू का पता चलने पर नमक्कल से होने वाले निर्यात को जारी रखने या रोकने का फैसला लिया जाए तो स्थानीय फार्मों में लागू इन सुरक्षा उपायों को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए।
एसोसिएशन चाहता है कि केंद्र और राज्य सरकारें नमक्कल को 'अंडा निर्यात क्षेत्र' (एग एक्सपोर्ट जोन) के रूप में अलग से मान्यता दें। उनकी मुख्य चिंता यह है कि अगर किसी दूसरे पोल्ट्री उत्पादक क्षेत्र में बीमारी फैलती है तो नमक्कल के किसानों का व्यापार भी बाधित हो सकता है, भले ही उनके अपने पोल्ट्री फार्म पूरी तरह सुरक्षित हों।
एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह की मान्यता मिलने से पोल्ट्री उद्योग को ऐसी रुकावटों से बचाने में मदद मिलेगी।
नमक्कल पोल्ट्री बेल्ट, नमक्कल, सलेम, इरोड और कोयंबटूर तक फैली हुई है, जिसमें 1,000 से अधिक पोल्ट्री फार्म हैं। यहां कुल मिलाकर लगभग आठ करोड़ मुर्गियां पाली जाती हैं, जिनसे रोजाना करीब सात करोड़ अंडों का उत्पादन होता है। फिलहाल, बिक्री के इंतजार में रखे गए छह करोड़ अंडे, इस पूरे इलाके के लगभग एक दिन के कुल उत्पादन के बराबर हैं।
इस क्षेत्र के फार्म तमिलनाडु सरकार के पोषण कार्यक्रमों और राज्यभर के बाजारों में अंडे की आपूर्ति करते हैं।
व्यापारी यहां से भारत के कई अन्य राज्यों में भी अंडे भेजते हैं। विदेशी खरीदारों में ओमान के अलावा सऊदी अरब, ईरान, इराक, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। इसके अलावा यह क्षेत्र कुछ अफ्रीकी देशों को भी अंडों की आपूर्ति करता है।
इतने सारे विदेशी बाजार होने के बावजूद, अकेले ओमान ही नमक्कल से लगभग उतने अंडे खरीदता है, जितने कि बाकी सभी विदेशी बाजार मिलकर खरीदते हैं।
जो किसान रोजाना अंडे इकट्ठा कर रहे हैं, उनके सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि जमा हुए स्टॉक के लिए खरीदार कहां से लाएं।
एसोसिएशन ने दोनों सरकारों से आग्रह किया है कि वे इस बड़े सवाल पर ध्यान दें कि जब देश के अन्य हिस्सों में बीमारी फैलने के कारण पाबंदियां लगाई जाएं, तब भी नमक्कल से निर्यात को कैसे जारी रखा जा सकता है।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी

