ओडिशा क्राइम ब्रांच ने शुरू की बलियंता मॉब लिंचिंग मामले की जांच, जीआरपी कॉन्स्टेबल की गई थी जान
भुवनेश्वर, 10 मई (आईएएनएस)। ओडिशा क्राइम ब्रांच ने रविवार को भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में 7 मई को जीआरपी कांस्टेबल की भीड़ ने हत्या कर दी थी, जिसकी जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।
शनिवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के निर्देश के बाद बलियंता पुलिस की ओर से दर्ज दो मामलों की जांच क्राइम ब्रांच ने अपने हाथ में ले ली।
ओडिशा क्राइम ब्रांच ने रविवार को बताया कि यौन उत्पीड़न से जुड़े संवेदनशील मामलों और उसके बाद भीड़ द्वारा सौम्य रंजन स्वैन की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में डीजीपी के आदेश पर सीआईडी क्राइम ब्रांच ने केस की जांच अपने हाथ में ले ली है।
क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच डीएसपी रत्नाप्रभा सतपहती को सौंपी है। एक केस सौम्य की मॉब लिंचिंग से जुड़ा है और दूसरा लड़कियों में से एक की शिकायत से जुड़ा है, जिसमें मृतक पर सेक्सुअल असॉल्ट की कोशिश का आरोप लगाया था।
क्राइम ब्रांच के एक सीनियर अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि क्राइम ब्रांच उन पीसीआर वैन के पुलिसवालों से भी पूछताछ करेगी जो सबसे पहले मौके पर पहुंचे थे, ताकि उनकी भूमिका और ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही का पता लगाया जा सके।
गुरुवार को भुवनेश्वर के बलियंता इलाके में गांववालों ने दो लड़कियों पर सेक्सुअल असॉल्ट का आरोप लगाते हुए जीआरपी कांस्टेबल सौम्य रंजन स्वैन को पीट-पीटकर मार डाला था। घटना के वक्त सौम्य अपने दोस्त ओम प्रकाश के साथ भुवनेश्वर की ओर जा रहा था, जब बलियंता पुलिस की सीमा में रामचंद्रपुर पुल के पास उन्हें स्कूटर पर सवार दो लड़कियां मिलीं।
उनकी मोटरसाइकिल और लड़कियों के स्कूटर के बीच टक्कर हो गई, जिससे उनमें बहस हो गई। लड़कियों में से एक ने सौम्य पर सेक्सुअल असॉल्ट करने की कोशिश करने का आरोप लगाया, जिसके बाद उसकी चीख-पुकार सुनकर आस-पास के गांव वाले मौके पर पहुंचे और दोनों पर हमला कर दिया। बाद में पुलिस ने उन्हें बचाया और हॉस्पिटल ले गई, जहां डॉक्टरों ने सौम्य को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने अब तक जीआरपी कांस्टेबल सौम्य की बेरहमी से मॉब लिंचिंग में शामिल होने के आरोप में 11 लोगों को गिरफ्तार किया है।
--आईएएनएस
एसडी/वीसी

