'ऑरेंज इकोनॉमी' पर सरकार का फोकस, पर्यटन के जरिए रोजगार बढ़ाने पर जोर: ओडिशा सीएम
भुवनेश्वर, 11 मई (आईएएनएस)। ओडिशा के सीएम मोहन चरण माझी ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार राज्य में 'ऑरेंज इकोनॉमी' यानी संस्कृति आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देकर पर्यटन विकास के जरिए स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने पर ध्यान दे रही है।
वह सोमवार को लिंगराज मंदिर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में बोल रहे थे। यह कार्यक्रम गुजरात के सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के अवसर पर आयोजित किया गया था।
बतौर मुख्य अतिथि मोहन चरण माझी ने सोमनाथ और लिंगराज के बीच गहरे और अदृश्य संबंध पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अगर सोमनाथ पश्चिम भारत का प्रहरी है, तो लिंगराज पूर्व की अटूट आध्यात्मिक शक्ति का प्रतीक है।
लिंगराज मंदिर (एकाम्र पीठ) में एक विशेष आध्यात्मिक माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने अन्य वरिष्ठ नेताओं और लोगों के साथ प्रधानमंत्री के संबोधन और पूजा अनुष्ठान का सीधा प्रसारण देखा। प्रधानमंत्री, श्री सोमनाथ ट्रस्ट के अध्यक्ष के रूप में, गुजरात के प्रभास पाटन स्थित सोमनाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भारतीय संस्कृति को सुरक्षित रखने और राज्यभर के शिव मंदिरों के विकास के महत्व पर जोर दिया।
भगवान सोमनाथ के संघर्ष के इतिहास को याद करते हुए माझी ने कहा,''सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नेतृत्व में भारतीय सभ्यता के पुनर्जीवन की शुरुआत थी। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत सांस्कृतिक पुनर्जागरण का अनुभव कर रहा है।''
इतिहास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आक्रमणकारियों ने बार-बार मंदिरों को तोड़ने और भारत की आत्मा को कुचलने की कोशिश की, लेकिन सनातनियों की अटूट आस्था के कारण मंदिर हर बार फिर खड़े हो गए।
1951 की ऐतिहासिक घटनाओं को याद करते हुए माझी ने कहा, ''सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण सरदार पटेल के मजबूत संकल्प के कारण संभव हो पाया।''
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का मंत्र 'विकास भी, विरासत भी' अब काशी विश्वनाथ कॉरिडोर से लेकर राम मंदिर के भव्य निर्माण तक कई योजनाओं में दिखाई देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 'विकास भी, विरासत भी' नीति का पालन करते हुए ओडिशा सरकार ने 330 करोड़ रुपए की लागत से एकाम्र क्षेत्र विकास परियोजना और 1,000 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित श्री जगन्नाथ म्यूजियम परियोजना शुरू की है। इससे ओडिशा को भारत की सांस्कृतिक राजधानी बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने आगे कहा कि 'ऑरेंज इकोनॉमी' यानी संस्कृति आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना और पर्यटन के जरिए स्थानीय लोगों के लिए रोजगार पैदा करना उनकी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी

