Samachar Nama
×

नुसरत जहां ने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर मांगा आशीर्वाद, बोलीं- 'ईश्वर एक है, नाम भले अलग हों'

नुसरत जहां ने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर मांगा आशीर्वाद, बोलीं- 'ईश्वर एक है, नाम भले अलग हों'
नुसरत जहां ने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर मांगा आशीर्वाद, बोलीं- 'ईश्वर एक है, नाम भले अलग हों'

कोलकाता, 22 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री नुसरत जहां ने अपने आध्यात्मिक विश्वास और ईश्वर के प्रति अपनी आस्था को लेकर खुलकर बात की है। हाल ही में कोलकाता में 1,000 साल पुराने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग का पवित्र अंश पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और आशीर्वाद लेने पहुंचे। इस खास मौके पर नुसरत भी यश के साथ पहुंचीं और उन्होंने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए।

अभिनेत्री ने इस आयोजन को कोलकाता के लोगों के लिए बड़ा सौभाग्य बताया। साथ ही उन्होंने अपनी आस्था साझा करते हुए कहा कि ईश्वर एक ही है, भले ही लोग उन्हें अलग-अलग नामों और रूपों में पूजते हों।

आईएएनएस से बातचीत में नुसरत ने इस आयोजन को शहर के लोगों के लिए बेहद खास बताया। उन्होंने कहा कि 1,000 साल पुराने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अंश का कोलकाता पहुंचना किसी आशीर्वाद से कम नहीं है। इस मौके पर पूरा माहौल भक्तिमय नजर आया और लोगों को एक पवित्र आयोजन का हिस्सा बनने का मौका मिला।

अभिनेत्री ने कहा, ''सबसे पहले मैं यह कहना चाहूंगी कि आज कोलकाता के लोगों के लिए बहुत बड़ा दिन है। यह किसी आशीर्वाद से कम नहीं है कि लोगों को इस तरह के पवित्र आयोजन का हिस्सा बनने का मौका मिल रहा है। 1,000 साल पुराने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग का एक पवित्र अंश आज कोलकाता में मौजूद है। हमारे दिल खुशी से भरे हुए हैं। यहां दिव्य माहौल है और हर कोई भक्ति में डूबा हुआ है।''

नुसरत ने आगे बताया कि यश के साथ इस खास मौके पर दर्शन करना उनके लिए बेहद खुशी की बात रही। उन्होंने कहा, ''इससे ज्यादा सौभाग्य की बात और क्या हो सकती है कि आज यश और मैं यहां आए और हमें दर्शन करने का मौका मिला। इस आयोजन को करने वाली आर्ट ऑफ लिविंग की पूरी टीम और सभी समिति सदस्यों का मैं दिल से धन्यवाद करती हूं।''

अपनी आध्यात्मिक सोच के बारे में बात करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि उनका हमेशा से एक परम शक्ति में विश्वास रहा है। नुसरत ने कहा, ''मेरा हमेशा से विश्वास रहा है कि ईश्वर एक है और एक ही परम शक्ति है। आप उन्हें किसी भी नाम से पुकार सकते हैं। अपने धर्म के अनुसार भगवान को कोई भी नाम दे सकते हैं, लेकिन सबसे जरूरी है उनसे आपका आध्यात्मिक जुड़ाव। मेरा हमेशा से यही विश्वास रहा है।''

अभिनेत्री ने लोगों से भी इस पवित्र आयोजन में शामिल होकर आशीर्वाद लेने की अपील की। उन्होंने कहा, ''हर किसी को यहां आना चाहिए और भगवान का आशीर्वाद लेना चाहिए। हमें बहुत खुशी है कि हमें भी यहां आकर दर्शन करने का मौका मिला। यह शाम हमारे लिए बेहद खास रही।''

बता दें कि सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेषों की पश्चिम बंगाल यात्रा 19 नवंबर से शुरू हुई है। आयोजकों के कार्यक्रम के मुताबिक, 30 नवंबर 2026 तक राज्य के अलग-अलग स्थानों पर इन्हें ले जाया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को दर्शन करने और आशीर्वाद लेने का मौका मिलेगा।

--आईएएनएस

पीके/एएस

Share this story