Samachar Nama
×

असम चुनाव को लेकर भाजपा की संगठनात्मक तैयारी तेज, नितिन नबीन का गुवाहाटी दौरा

गुवाहाटी, 26 दिसंबर (आईएएनएस)। असम में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने शुक्रवार को गुवाहाटी का दौरा किया, जहां उन्होंने अहम बैठकों में हिस्सा लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने लोकप्रिया गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नितिन नबीन का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि नितिन नबीन भाजपा असम राज्य कार्यकारिणी की बैठक और राज्य कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि यह दौरा पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने और आने वाले महत्वपूर्ण चुनावी मुकाबले से पहले संगठन की रणनीति को धार देने के उद्देश्य से किया गया है।

भाजपा असम राज्य कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने पार्टी कैडर की प्रतिबद्धता और ऊर्जा की सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही असम में भाजपा की बढ़ती ताकत की असली वजह हैं। उन्होंने बूथ स्तर पर संपर्क बढ़ाने और आम लोगों से जुड़ाव को और मजबूत करने का आह्वान किया।

नितिन नबीन ने जोर देकर कहा कि असम में भाजपा की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और एनडीए सरकार की उपलब्धियों को हर घर तक कितनी प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के विकास एजेंडे और कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक ले जाने की अपील की, ताकि मतदाता भाजपा की सुशासन और विकास की सोच से जुड़े रहें।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में असम के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और उनसे अपने रिश्ते को और मजबूत करने का संकल्प दोहराया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का फोकस उत्तरदायी शासन, विकास और संगठनात्मक अनुशासन पर बना हुआ है।

पार्टी नेताओं के अनुसार, बैठकों में 2026 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक तैयारी, चुनावी रणनीति और जनसंपर्क कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बूथ स्तर को मजबूत करने, पार्टी के विभिन्न मोर्चों के बीच बेहतर समन्वय और सरकार की योजनाओं के प्रभावी प्रचार पर विशेष जोर दिया गया।

नितिन नबीन का असम दौरा भाजपा की उस व्यापक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, जिसके तहत पार्टी चुनाव से काफी पहले अपने संगठनात्मक आधार को मजबूत करना चाहती है। पूर्वोत्तर में असम के अहम राजनीतिक राज्य के रूप में उभरने के साथ ही भाजपा समय रहते कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मतदाताओं से मजबूत जुड़ाव सुनिश्चित करने में जुटी हुई है।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags