एनआईए ने पश्चिम बंगाल में आतंकी कनेक्शन के शक में इमाम को किया गिरफ्तार
कोलकाता, 29 सितंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले में मंगलकोट पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले पालिशग्राम गांव की एक मस्जिद के इमाम को आतंकी नेटवर्क से जुड़े होने के शक में गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान मोहम्मद शेख के तौर पर हुई है, जो मंगलकोट पुलिस स्टेशन इलाके के पालिशग्राम गांव की एक मस्जिद में इमाम के तौर पर काम कर रहा था।
मोहम्मद शेख मूल रूप से इसी जिले के मोंटेस्वर इलाके के कुलुत गांव का रहने वाला है।
सूत्रों के मुताबिक, एनआईए की एक टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से मंगलवार सुबह पालिशग्राम पुरबापारा मस्जिद में ऑपरेशन चलाया और शेख को हिरासत में लिया। इसके बाद शेख के कमरे की तलाशी ली गई, जहां एक डायरी व मोबाइल फोन मिला।
सूत्रों ने बताया कि एजेंसी को डायरी में कई बांग्लादेशियों के नंबर मिले। पूछताछ के लिए इमाम को मस्जिद से मंगलकोट पुलिस स्टेशन ले जाया गया। एनआईए के अधिकारी शेख से ज्यादा से ज्यादा जानकारी निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
स्थानीय लोग शेख की गिरफ्तारी से हैरान हैं। स्थानीय लोगों ने मीडिया को बताया कि शेख पिछले तीन साल से मस्जिद से जुड़ा था। वे बांग्लादेश में मौजूद आतंकवादी गुटों के साथ उनके संबंधों के बारे में सोच भी नहीं सकते थे।
हालांकि, मस्जिद कमेटी के सदस्य गुलाम मुस्तफा और कुछ गांव वालों ने कहा कि गिरफ्तार इमाम अक्सर बांग्लादेश जाता रहता था।
एक ग्रामीण ने कहा, "हाल ही में भी वह बांग्लादेश गया था और लगभग छह महीने बिताए थे। कुछ महीने पहले ही वह वापस पालिशग्राम लौटा था।"
एनआईए बांग्लादेश स्थित आतंकवादी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के कथित स्लीपर सेल की जांच कर रही है। मंगलवार की छापेमारी और तलाशी अभियान पड़ोसी राज्य असम में दर्ज एक मामले के सिलसिले में थे।
--आईएएनएस
ओपी/एबीएम

