नकली नोट मामले में एनआईए ने दो मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बड़ी मात्रा में नकली भारतीय नोटों की अवैध छपाई और आपूर्ति के मामले में दो मुख्य साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। ये नोट कई अन्य आरोपियों के माध्यम से सहारनपुर स्थित पीएनबी के नोट भंडार तक पहुंचे थे। इस संबंध में एक अधिकारी ने गुरुवार को जानकारी दी।
एनआईए ने बताया कि अजय कुमार को 16 अक्टूबर को हरियाणा के अंबाला से और हरीश रौंटा को 22 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश के मनाली से गिरफ्तार किया गया।
एनआईए ने बताया कि अजय कुमार और हरीश रौंटा भी गिरफ्तार आरोपी आदेश चौधरी और अन्य गिरफ्तार आरोपियों के करीबी सहयोगी हैं। ये आरोपी पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के सिविल लाइंस स्थित करेंसी चेस्ट में जाली भारतीय नोट रखने की साजिश से जुड़े हैं। यह मामला आरसी-02/2026/एनआईए/एलकेडब्ल्यू के अंतर्गत आता है।
एनआईए ने बताया कि 29 अगस्त को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सदर बाजार पुलिस स्टेशन को पीएनबी से 17.29 करोड़ रुपए मूल्य के जाली भारतीय नोट बरामद होने की विश्वसनीय सूचना मिली थी।
एनआईए ने आगे बताया कि जांच के दौरान बैंक के तीन कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आई, जिन्हें बैंक ने निलंबित कर दिया है।
यह मामला शुरू में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के सदर बाजार पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 178 के तहत एफआईआर संख्या 0431/2026 के रूप में तीन आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया गया था और 3 सितंबर को एनआईए द्वारा इसे पुनः पंजीकृत किया गया।
इससे पहले 7, 15, 20 और 22 सितंबर को एनआईए ने एफआईआर में नामजद आरोपी अमित कुमार और मुख्य आरोपी आदेश चौधरी, मुकेश कुमार, राजेंदर और नीतू को गिरफ्तार किया था। एनआईए ने बताया कि पूरी साजिश का खुलासा करने और शेष सह-आरोपियों और संदिग्धों को गिरफ्तार करने के लिए जांच जारी है।
7 सितंबर को आदेश चौधरी की गिरफ्तारी के समय, एनआईए ने बताया कि पीएनबी करेंसी चेस्ट में तैनात संविदा ड्राइवर सहारनपुर के मानक मऊ स्थित कुतुब शेर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत न्यू नंदपुरी कॉलोनी के गंगोह रोड का निवासी है और इस मामले में प्रमुख आरोपियों में से एक है।
अधिकारियों ने बताया कि चौधरी पर उच्च मूल्य के नकली नोटों के प्रचलन से जुड़े एक बड़े रैकेट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का संदेह है।
--आईएएनएस
एएसएच/डीकेपी

