Samachar Nama
×

मध्य प्रदेश : नाबालिग से यौन उत्पीड़न मामले में एनएचआरसी सख्त, डीजीपी और विदिशा एसपी को जारी किया नोटिस

मध्य प्रदेश : नाबालिग से यौन उत्पीड़न मामले में एनएचआरसी सख्त, डीजीपी और विदिशा एसपी को जारी किया नोटिस
मध्य प्रदेश : नाबालिग से यौन उत्पीड़न मामले में एनएचआरसी सख्त, डीजीपी और विदिशा एसपी को जारी किया नोटिस

नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में एक नाबालिग लड़की के यौन उत्पीड़न से जुड़ी शिकायत पर स्वतः संज्ञान लिया है और राज्य पुलिस से तीन दिनों के भीतर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।

एनएचआरसी सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली एक बेंच ने मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और विदिशा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को नोटिस जारी किया है। उन्हें इन आरोपों की जांच करने और तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है, ताकि शीर्ष मानवाधिकार संस्था इसका अवलोकन कर सके।

यह कार्रवाई 'मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993' की धारा 12 के तहत की गई है, जो मंगलवार को एनएचआरसी के सामने एक शिकायत आने के बाद शुरू हुई। शिकायत के अनुसार, विदिशा जिले में दो आरोपियों- शरद गोस्वामी और राकेश अहिरवार ने एक नाबालिग लड़की का यौन उत्पीड़न किया।

शिकायतकर्ता संगठन ने कहा कि यह घटना बच्ची के मौलिक अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है और 'यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम' (पॉक्सो एक्ट, 2012) के तहत इसमें तुरंत हस्तक्षेप की आवश्यकता है।

शिकायत में एनएचआरसी से हस्तक्षेप की मांग की गई है ताकि एफआईआर तुरंत दर्ज हो, निष्पक्ष जांच हो और सबूत सुरक्षित रखे जा सकें।

इसमें पीड़िता को चिकित्सा और मनोवैज्ञानिक सहायता देने के साथ-साथ, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के माध्यम से उसके पुनर्वास में मदद करने की भी मांग की गई है। मामले का संज्ञान लेते हुए एनएचआरसी ने कहा कि शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया पीड़िता के मानवाधिकारों के उल्लंघन प्रतीत होते हैं।

शीर्ष मानवाधिकार संस्था ने अपनी रजिस्ट्री को निर्देश दिया कि वह भोपाल के डीजीपी और विदिशा के एसपी को नोटिस भेजे और उनसे आरोपों की जांच करके तीन दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट (एटीआर) सौंपने को कहे।

इस बीच विदिशा में एक और नाबालिग लड़की के साथ गैंगरेप की घटना पर दुख जताते हुए एनएचआरसी सदस्य प्रियंक कानूनगो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट किया कि वह इस घटना से बेहद दुखी हैं। उन्होंने बताया कि लगातार तीसरे दिन ऐसी घटना सामने आई है।

कानूनगो ने कहा, "नोटिस, जांच, सजा और मुआवजा, हम यह सब करेंगे; लेकिन, ये घाव अब अंतरात्मा को झकझोर रहे हैं।"

ऐसी घटनाओं के लिए सामूहिक जिम्मेदारी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा, "हम किसे दोष दें? आखिरकार, जो लोग हमें जिम्मेदारियां सौंपते हैं, वे भी हम ही हैं। इसलिए ये गलतियां हमारी भी हैं। मुझे शर्म आ रही है। मैं माफी मांगता हूं।"

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story

Tags