Samachar Nama
×

एनएचएआई ने जयपुर हाईवे पर टोल रेट बढ़ाए, जयपुर-दिल्ली का सफर महंगा हुआ

एनएचएआई ने जयपुर हाईवे पर टोल रेट बढ़ाए, जयपुर-दिल्ली का सफर महंगा हुआ
एनएचएआई ने जयपुर हाईवे पर टोल रेट बढ़ाए, जयपुर-दिल्ली का सफर महंगा हुआ

जयपुर, 21 जुलाई (आईएएनएस)। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने मुख्य टोल प्लाजा पर शुल्क में बदलाव किया है। इसके बाद जयपुर से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रा करना महंगा हो गया है।

सोमवार आधी रात से टोल की नई दरें लागू हो गईं। वाहनों की श्रेणी के अनुसार टोल शुल्क में 5 से लेकर 30 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है।

नई टोल दरें जयपुर-दिल्ली (पुराना एनएच-48) मार्ग के मनोहरपुर टोल प्लाजा, अजमेर-आगरा रिंग रोड के सीतारामपुरा टोल प्लाजा और जयपुर-सीकर बाईपास के टटियावास टोल प्लाजा पर लागू होंगी।

जयपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले निजी वाहन चालकों को अब अधिक टोल शुल्क देना होगा।

मनोहरपुर टोल प्लाजा पर कार, जीप और वैन के लिए टोल शुल्क में 5 रुपए की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, हल्के व्यावसायिक वाहनों, बसों और भारी व्यावसायिक वाहनों के लिए वाहन की श्रेणी के अनुसार 5 से 30 रुपए तक शुल्क बढ़ाया गया है।

जयपुर-दिल्ली मार्ग के एक अन्य प्रमुख टोल पॉइंट, शाहजहांपुर टोल प्लाजा पर कार, जीप और वैन का टोल शुल्क 195 रुपये से बढ़ाकर 215 रुपए कर दिया गया है। इससे वाहन चालकों को अब 20 रुपए अतिरिक्त देने होंगे।

दोनों टोल प्लाजा पर नई दरें लागू होने के बाद जयपुर से दिल्ली के बीच एक तरफ की यात्रा करने वाले निजी वाहन मालिकों को अब 25 रुपए अतिरिक्त टोल देना होगा।

जयपुर-सीकर बाईपास के टटियावास टोल प्लाजा और अजमेर-आगरा रिंग रोड के सीतारामपुरा टोल प्लाजा पर भी नई टोल दरें लागू कर दी गई हैं। हालांकि, इन दोनों टोल प्लाजा पर बढ़ी हुई दरें सिर्फ व्यावसायिक वाहनों (जैसे ट्रक, बस और अन्य भारी वाहनों) पर लागू होंगी।

टटियावास और सीतारामपुरा टोल प्लाजा पर निजी वाहनों के टोल शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस बदलाव से व्यावसायिक वाहन संचालकों का परिवहन खर्च बढ़ने की संभावना है। वहीं, जयपुर-दिल्ली हाईवे का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों के लिए सड़क यात्रा थोड़ी महंगी हो सकती है।

टोल की नई दरें लागू होने के बाद जयपुर से गुजरने वाले हाईवे के प्रमुख टोल प्लाजा पर कार, जीप, टैक्सी, मिनी बस, बस और व्यावसायिक वाहनों का टोल शुल्क 8 से 12 प्रतिशत तक बढ़ गया है। इस बढ़ोतरी के बाद जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-48) पर यात्रा करना महंगा हो गया है, जिससे यात्रियों और कारोबारियों दोनों का परिवहन खर्च बढ़ गया है।

जयपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले निजी वाहन मालिकों को अब एक तरफ के टोल के लिए 395 रुपये देने होंगे, जबकि पहले यह शुल्क 375 रुपए था। टोल बढ़ने का असर रोजाना यात्रा करने वाले लोगों, कारोबार के सिलसिले में सफर करने वालों, पर्यटकों और दिल्ली या खाटू श्यामजी जैसे लोकप्रिय स्थानों पर जाने वाले परिवारों पर पड़ने की संभावना है।

टोल की नई दरें भारी व्यावसायिक वाहनों, ट्रकों, बसों और अन्य परिवहन वाहनों पर भी लागू होंगी। उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि टोल शुल्क बढ़ने से आने वाले हफ्तों में जयपुर-दिल्ली मार्ग पर माल ढुलाई, लॉजिस्टिक्स और अंतरराज्यीय बसों के किराये में बढ़ोतरी हो सकती है।

--आईएएनएस

एसएचके/वीसी

Share this story