Samachar Nama
×

कर्नाटक : सड़क किनारे जहर खाने से नवविवाहिता महिला की मौत

कर्नाटक : सड़क किनारे जहर खाने से नवविवाहिता महिला की मौत
कर्नाटक : सड़क किनारे जहर खाने से नवविवाहिता महिला की मौत

बेंगलुरु, 13 जुलाई (आईएएनएस)। बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां रविवार देर रात कथित तौर पर अपने पति से झगड़े के बाद 23 वर्ष की एक नवविवाहित महिला ने सड़क किनारे जहर खाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने सोमवार को घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक महिला की पहचान गौरीबिदानूर के बीरम्मनहल्ली की रहने वाली तनुजा के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, वह बेंगलुरु के येलाहंका में मायासांद्रा के रहने वाले रवींद्र के साथ रिलेशनशिप में थी।

बताया जा रहा है कि इस जोड़े ने कुछ महीने पहले रवींद्र के परिवार को बताए बिना धर्मस्थल मंदिर में गुपचुप तरीके से शादी कर ली थी।

पुलिस ने बताया कि शादी के बाद रवींद्र ने शुरू में तनुजा के लिए पेइंग गेस्ट (पीजी) में रहने का इंतजाम किया था। उसने तनुजा को भरोसा दिलाया था कि कुछ समय बाद वह अपने परिवार को उनकी शादी के बारे में बता देगा। बाद में उसने उसे येलाहंका के सिंगापुर लेआउट में एक किराए के घर में शिफ्ट कर दिया, जहां वह रह रही थी।

मामले की शुरुआती जांच के मुताबिक, तनुजा ने रविवार रात रवींद्र को फोन किया और घर आने को कहा। हालांकि, रवींद्र ने कथित तौर पर उससे कहा कि वह तुरंत नहीं आ सकता और अगली सुबह उससे मिलने आएगा।

उसके जवाब से परेशान होकर तनुजा ने कथित तौर पर अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और रात करीब 10 बजे उसने रवींद्र को मैसेज भेजा कि उसने जहर खा लिया है। उसने उसे यह भी बताया कि वह नेलमंगला के बसवनहल्ली में है।

मैसेज मिलने पर रवींद्र तुरंत बसवनहल्ली पहुंचा और तनुजा को पास के अस्पताल ले गया, लेकिन इलाज के लिए भर्ती होने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

जांचकर्ताओं को शक है कि घटना से पहले जोड़े के बीच बहस हुई होगी, हालांकि कथित आत्महत्या की असल वजह अभी पता नहीं चल पाई है। नेलमंगला टाउन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच चल रही है।

एक अलग घटना में, बेंगलुरु में एक 25 वर्षीय महिला ने अपने घर पर आत्महत्या कर ली। उसने एक सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें उसने पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना और उत्पीड़न का आरोप लगाया।

महिला ने अपने घर पर छत के पंखे से लटककर कथित तौर पर अपनी जान देने से पहले एक भावुक सुसाइड नोट में लिखा, "अगर मैं मर जाऊं, तो प्लीज उन्हें बख्शना मत मां।"

पुलिस ने सोमवार को बताया कि नोट में उसने मौत के लिए अपने पति और ननद को जिम्मेदार ठहराया और उन पर लगातार परेशान करने का आरोप लगाया। मृतक महिला की पहचान श्वेता के तौर पर हुई है, जो चिक्कमगलुरु की रहने वाली थीं और कामाक्षीपाल्या पुलिस स्टेशन इलाके के सुनकदाकट्टे में रहती थीं। वह बेंगलुरु के एक प्राइवेट स्कूल में टीचर थीं और उन्होंने करीब चार महीने पहले लव मैरिज की थी।

पुलिस के मुताबिक, श्वेता ने कामाक्षीपाल्या पुलिस स्टेशन इलाके में अपने घर पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट बरामद किया। पुलिस ने बताया कि श्वेता ने रविवार रात करीब 11 बजे घर में छत के पंखे से लटककर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम

Share this story

Tags