Samachar Nama
×

राष्ट्रपति भवन में नेपाल के पीएम बालेन शाह का किया गया औपचारिक स्वागत

राष्ट्रपति भवन में नेपाल के पीएम बालेन शाह का किया गया औपचारिक स्वागत
राष्ट्रपति भवन में नेपाल के पीएम बालेन शाह का किया गया औपचारिक स्वागत

नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। भारत के दो दिवसीय दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का सोमवार को राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति भवन पहुंचने पर पीएम मोदी ने उनका स्वागत किया।

शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे थे। वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया।

सोमवार को ही उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी होगी। इसमें दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने और पुराने रिश्तों को मजबूत करने पर चर्चा होगी।

दोनों मिलकर वर्चुअल मोड में भगवान राम के जन्मस्थान अयोध्या और नेपाल में देवी सीता के जन्मस्थान जनकपुरधाम के बीच चलने वाली नई ट्रेन का उद्घाटन करेंगे।

दोनों के बीच एमओयू एक्सचेंज होगा और संयुक्त बयान जारी किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। शाम को वो स्वदेश रवाना हो जाएंगे।

नेपाली प्रधानमंत्री के साथ वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल हैं। ये सभी 35 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं।

इसके अलावा, व्यापार प्रतिनिधियों का एक 52 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी अपने खर्च पर इस यात्रा में शामिल होगा।

दोनों पड़ोसी देशों के बीच होने वाली द्विपक्षीय बातचीत में बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण में सहायता, ऊर्जा, व्यापार, कनेक्टिविटी और व्यापक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

दोनों पक्ष "समृद्ध नेपाल, उन्नत भारत" शीर्षक से एक संयुक्त विजन दस्तावेज भी जारी कर सकते हैं, जो सहयोग के लिए दीर्घकालिक द्विपक्षीय लक्ष्य और ठोस उद्देश्य तय करेगा।

इस यात्रा के दौरान, दोनों देशों द्वारा कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग से जुड़ी पूरी हो चुकी कई परियोजनाओं का उद्घाटन करने और नई परियोजनाओं की आधारशिला रखने की भी उम्मीद है।

नेपाल के विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत मुख्य रूप से व्यापार, परिवहन, निवेश, ऊर्जा, कनेक्टिविटी नेटवर्क और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे क्षेत्रों में आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित होगी।

दोनों पक्ष शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, खेल, आपदा प्रबंधन और मानव संसाधन विकास के क्षेत्रों में सहयोग के लिए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान भी करेंगे।

--आईएएनएस

केआर/

Share this story

Tags