Samachar Nama
×

एरिक सोल्हेम ने पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत के 5 बड़े बदलाव गिनाए, ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों के दूतावासों ने दी शुभकामना

एरिक सोल्हेम ने पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत के 5 बड़े बदलाव गिनाए, ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों के दूतावासों ने दी शुभकामना
एरिक सोल्हेम ने पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत के 5 बड़े बदलाव गिनाए, ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों के दूतावासों ने दी शुभकामना

नई दिल्ली, 17 सितंबर (आईएएनएस)। नई दिल्ली स्थित आस्‍ट्रेल‍िया, नेपाल और बेल्जियम के दूतावासों ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और लगातार सफलता की कामना की। वहीं नॉर्वे के पूर्व राजनयिक एरिक सोल्हेम ने भी प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत में हुए पांच बड़े बदलावों का उल्लेख किया।

नॉर्वे के पूर्व जलवायु और पर्यावरण मंत्री एरिक सोल्हेम ने प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक कार्यकाल पर विचार करते हुए पांच ऐसे क्षेत्रों की चर्चा की, जिनमें उनके अनुसार बड़े बदलाव आए हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट में सोल्हेम ने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्‍मद‍िन है। उन्होंने क्या हासिल किया है? ऐसा अवसर उपलब्धियों पर विचार करने का होता है और मैंने इस बारे में काफी सोचा है।"

उन्होंने कहा कि पहला बड़ा बदलाव "दिशा" है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने अपने नेतृत्व और 'विकसित भारत 2047' के विजन के जरिए देश को एक नया उद्देश्य और नई दिशा प्रदान की है।

बुनियादी ढांचे के बारे में सोल्हेम ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल में भी भारत ने तेज आर्थिक विकास देखा था, लेकिन मोदी सरकार के दौरान सड़कों, रेलवे, हवाई अड्डों और बंदरगाहों के विस्तार में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, "आज भारत के 25 शहरों में मेट्रो परियोजनाओं का निर्माण चल रहा है। भारत पहले की तुलना में कहीं अधिक बेहतर तरीके से जुड़ चुका है।"

सोल्हेम ने पर्यावरण को भी बदलाव का एक महत्वपूर्ण क्षेत्र बताया। उन्होंने कहा कि भारत पर्यावरण संबंधी मामलों में पीछे रहने वाले देशों की श्रेणी से निकलकर दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सौर ऊर्जा बाजार और तीसरी सबसे बड़ी नवीकरणीय ऊर्जा अर्थव्यवस्था बन गया है। उन्होंने कहा, "हरित विकास कोई बोझ नहीं, बल्कि एक अवसर है। हरित ऊर्जा ही नई समृद्धि है।"

वैश्विक नेतृत्व पर सोल्हेम ने कहा कि प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के दौर में भारत ने गुटनिरपेक्ष आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की वैश्विक भूमिका को एक नए स्तर पर पहुंचा दिया है। उन्होंने जी-20 और ब्रिक्स में भारत की नेतृत्वकारी भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर अधिक प्रभावशाली और अधिक दिखाई देने वाला देश बन चुका है।

सोल्हेम द्वारा चिन्हित पांचवां क्षेत्र गर्व था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय परंपराओं, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर जोर देकर देश में आत्मगौरव की भावना को मजबूत किया है।

उन्होंने कहा, "दुनिया में शायद ही कोई ऐसा नेता हो जो अपने राष्ट्र का उतना सशक्त प्रतिनिधित्व करता हो, जितना मोदी भारत का करते हैं। वे भारतीय पारंपरिक परिधान पहनते हैं, हिंदी में बोलते हैं, भारत पर गर्व व्यक्त करते हैं और दुनिया के सामने भारत को एक प्राचीन सभ्यतागत राष्ट्र के रूप में प्रस्तुत करते हैं।"

वहीं भारत में नेपाल के दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर ल‍िखा, "भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। हम आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशियों और आने वाले वर्ष में निरंतर सफलता की कामना करते हैं। नेपाल और भारत के बीच घनिष्ठ मित्रता तथा दोनों देशों के लोगों के बीच के रिश्ते और मजबूत हों और आगे बढ़ें। इस विशेष अवसर पर हमारी ओर से हार्दिक शुभकामनाएं और सम्मान।"

भारत में बेल्जियम के दूतावास ने भी प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "बेल्जियम की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।"

इस मौके पर ऑस्ट्रेलिया की ओर से भी प्रधानमंत्री को शुभकामना संदेश म‍िले।

भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने भी 'एक्‍स' पोस्‍ट पर ल‍िखा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपकी हाल की ऑस्ट्रेलिया यात्रा ने ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच रिश्तों की गर्मजोशी, मजबूती और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे जुड़ाव को शानदार तरीके से दिखाया। मैं आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशियों और आने वाले वर्ष के लिए ढेरों शुभकामनाएं देता हूं। आपका आने वाला साल सफलता, ऊर्जा और नई उपलब्धियों से भरा हो।''

--आईएएनएस

एवाई/वीसी

Share this story