Samachar Nama
×

आंध्र प्रदेश में एनडीए मनाएगा सरकार के दो साल पूरे होने का जश्न, तीन बड़ी जनसभाएं होंगी

अमरावती, 4 जून (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) केंद्र और राज्य में अपनी सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में तीन बड़ी जनसभाओं का आयोजन करेगा। ये सभाएं 9 से 15 जून के बीच तिरुपति, अमरावती और विशाखापत्तनम में आयोजित की जाएंगी।
आंध्र प्रदेश में एनडीए मनाएगा सरकार के दो साल पूरे होने का जश्न, तीन बड़ी जनसभाएं होंगी

अमरावती, 4 जून (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) केंद्र और राज्य में अपनी सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में तीन बड़ी जनसभाओं का आयोजन करेगा। ये सभाएं 9 से 15 जून के बीच तिरुपति, अमरावती और विशाखापत्तनम में आयोजित की जाएंगी।

यह निर्णय गुरुवार को एनडीए सहयोगी दलों की समन्वय बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने की। बैठक में उपमुख्यमंत्री और जन सेना पार्टी (जेएसपी) अध्यक्ष पवन कल्याण, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पीवीएन माधव, राज्य मंत्री और जेएसपी नेता नदेंदला मनोहर तथा टीडीपी प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव भी मौजूद रहे।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में नदेंदला मनोहर ने बताया कि तिरुपति में जनसभा 9 जून, अमरावती में 12 जून और विशाखापत्तनम में 15 जून को आयोजित की जाएगी।

एनडीए सहयोगियों ने इन कार्यक्रमों के लिए संयुक्त कार्ययोजना तैयार की है, जिसके तहत पिछले दो वर्षों में केंद्र और राज्य सरकारों की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा जाएगा।

तीनों सभाओं के लिए अलग-अलग विषय निर्धारित किए गए हैं। तिरुपति की सभा का मुख्य विषय कल्याणकारी योजनाएं, अमरावती की सभा का विषय सुशासन, जबकि विशाखापत्तनम की सभा का केंद्र विकास रहेगा।

टीडीपी प्रदेश अध्यक्ष पल्ला श्रीनिवास राव ने बताया कि 13 से 20 जून के बीच सभी जिलों में जनसंपर्क अभियान भी चलाया जाएगा, जिसमें राज्य और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। इन कार्यक्रमों में केंद्रीय मंत्री भी भाग लेंगे।

नदेंदला मनोहर ने कहा कि एनडीए सरकार के 24 महीनों के कार्यकाल के दौरान लागू की गई 24 प्रमुख योजनाओं और पहलों को विशेष अभियान के माध्यम से जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन एक बार फिर जनता का आशीर्वाद प्राप्त करने का प्रयास करेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष माधव ने कहा कि एनडीए का उद्देश्य लोगों को केंद्र और राज्य सरकारों के दो वर्षों के शासन के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के नेतृत्व में हुए विकास और परिवर्तन से अवगत कराना है।

उन्होंने कहा कि राज्य में आकर्षित किए गए बड़े औद्योगिक निवेश, पोलावरम परियोजना और अमरावती परियोजनाओं की प्रगति तथा विशाखापट्टनम रेलवे ज़ोन की स्थापना जैसे मुद्दों को प्रमुखता से जनता के सामने रखा जाएगा।

--आईएएनएस

डीएससी

Share this story

Tags